विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PGT भर्ती: B.Ed-PG में 50% अंक की अनिवार्यता से छूट के लिए NCTE को लिखा लेटर, प्रतियोगी छात्रों को राहत की उम्मीद

Published: Thu, 24 Sep 2026 09:39 PM (IST)

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 2615 प्रवक्ता (पीजीटी) पदों पर भर्ती के लिए बीएड की ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. 2615 पीजीटी पदों पर भर्ती में छूट का अनुरोध।

  2. बीएड और पीजी में 50% अंक की शर्त से राहत।

  3. अभ्यर्थियों के विरोध के बाद शासन ने उठाया कदम।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (पीजीटी) के 2615 पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को पत्र भेजकर इस भर्ती में बीएड की अनिवार्यता और परास्नातक (पीजी) में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक की शर्त से एक बार के लिए छूट देने का अनुरोध किया है। अब इस पर एनसीटीई के निर्णय का इंतजार है।

दरअसल, पीजीटी भर्ती में बीएड अनिवार्य करने और पीजी में 50 प्रतिशत अंक की शर्त लागू करने के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शासन को नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव की जानकारी सामने आने के बाद अभ्यर्थियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

प्रयागराज में कई अभ्यर्थी आमरण अनशन पर भी बैठ गए। उनका तर्क था कि वर्षों से चली आ रही भर्ती व्यवस्था में अचानक नई शैक्षिक अर्हताएं लागू होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी प्रतियोगिता से बाहर हो जाएंगे।

लिखा गया है औपचारिक पत्र 

22 सितंबर को लखनऊ में एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से एनसीटीई को पत्र लिखने के लिए कहा था, ताकि प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिल सके। गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से एनसीटीई को इस संबंध में औपचारिक पत्र लिखा गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी में बनेंगे 35 रोड-फ्लाईओवर और बाईपास, आगरा-रामपुर सहित इन जिलों की सड़कों का होगा चौड़ीकरण

पीजी में 50 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता करीब एक दशक पहले निर्धारित की गई थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में इसे अब तक लागू नहीं किया गया था। इसी तरह बीएड को पीजीटी पद के लिए अनिवार्य किए जाने का प्रस्ताव भी अब सामने आया है। दोनों शर्तों को एक साथ लागू किए जाने की संभावना से अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ गया।

यह भी पढ़ें- यूपी के सभी सरकारी कर्मचारियों को पूरे करने होंगे दो कोर्स, मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश

यदि एनसीटीई एक बार के लिए इन दोनों अर्हताओं से छूट प्रदान कर देता है तो माध्यमिक शिक्षा विभाग पीजीटी के 2615 पदों पर भर्ती पुराने नियमों के अनुसार करा सकेगा। इससे उन अभ्यर्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो नई अर्हताओं के कारण पात्रता से बाहर हो रहे थे।