UPSSSC ने जारी की PET-2026 की अस्थायी उत्तर कुंजी, लाखों अभ्यर्थियों को मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी कर दी है।

HighLights
UPSSSC ने PET-2026 की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी की।
24.36 लाख अभ्यर्थी 8 नवंबर तक जवाबों का मिलान करें।
कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी तय हुआ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी कर दी है। आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की गई उत्तर कुंजी से अभ्यर्थी अपने दिए गए जवाबों का मिलान कर सकेंगे। इससे उन्हें परीक्षा में सही और गलत उत्तरों के साथ अपने संभावित अंकों का भी अंदाजा लग सकेगा।
पीईटी में शामिल हुए 24.36 लाख अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने परीक्षा की तिथि और पाली के अनुसार छह अलग-अलग उत्तर कुंजी जारी की हैं। अभ्यर्थी आठ नवंबर तक आयोग की वेबसाइट पर इन्हें देख सकेंगे। तीन दिनों में 25 व 30 अक्टूबर और एक नवंबर को परीक्षा आयोजित की गई थी।
अस्थायी उत्तर कुंजी के आधार पर अभ्यर्थी यह जांच सकेंगे कि उन्होंने कितने प्रश्नों के सही जवाब दिए हैं। इसके साथ ही आयोग ने महाधिवक्ता कार्यालय में कंप्यूटर संवर्ग के कंप्यूटर आपरेटर के 12 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम तय कर दिया है।
परीक्षा 100 अंकों की होगी और अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। लिखित परीक्षा में सभी प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। इसमें सामान्य ज्ञान एवं विचारों की अभिव्यक्ति, सामान्य हिंदी और सामान्य अंग्रेजी से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। आयोग ने इस भर्ती के लिए सितंबर में आवेदन आमंत्रित किए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।