प्रदेश के 60 शहरों में UP PET 2026 आज से, 1372 केंद्रों पर पहले दिन 12 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल
UP PET 2026: परीक्षा में नकल और दूसरे अनुचित तरीकों पर अंकुश लगाने के लिए अभ्यर्थियों की फोटो और आइरिस स्कैन के जरिये बायोमीट्रिक डाटा लिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 तीन दिन में पूरी होगी
HighLights
पीईटी 25 व 30 अक्टूबर और एक नवंबर को होगी आयोजित
छह पालियों में होगी परीक्षा, आधा घंटा पहले बंद हो जाएगा केंद्र का प्रवेश द्वार
सीसीटीवी और बायोमीट्रिक से रखी जाएगी नजर, नकल पर उम्रकैद तक का प्रविधान
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार समेत अन्य राज्यों के भी अभ्यर्थी
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : सरकारी नौकरी की दौड़ में शामिल होने के लिए प्रदेश के 35 लाख से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा रविवार से शुरू हो रही है।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 तीन दिन में पूरी होगी। 25 और 30 अक्टूबर और एक नवंबर को होने वाली इस परीक्षा के लिए प्रदेश के 60 शहरों में 1372 केंद्र बनाए गए हैं। छह पालियों में आयोजित परीक्षा के पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से दो घंटे पहले केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड ले जाना भी अनिवार्य है। परीक्षा में नकल और दूसरे अनुचित तरीकों पर अंकुश लगाने के लिए अभ्यर्थियों की फोटो और आइरिस स्कैन के जरिये बायोमीट्रिक डाटा लिया जाएगा।
केंद्रों का निर्धारण अभ्यर्थियों की श्रेणी के आधार पर
इसका उपलब्ध संबंधित डाटा से मिलान कर पहचान का सत्यापन किया जाएगा। अनुचित साधनों का प्रयोग करने के मामलों में आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रविधान है। कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र दूर आवंटित किए जाने की शिकायत की है। आयोग के अनुसार, केंद्रों का निर्धारण अभ्यर्थियों की श्रेणी के आधार पर किया गया है।
कई राज्यों के अभ्यर्थी
दिव्यांग अभ्यर्थियों को गृह जनपद, महिला अभ्यर्थियों को गृह मंडल के जनपदों और अन्य अभ्यर्थियों को गृह मंडल से बाहर नजदीकी मंडल के जिलों में केंद्र आवंटित किए गए हैं। वीआइपी मूवमेंट के कारण वाराणसी में परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। पीईटी में उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों के साथ पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़ और बिहार समेत अन्य राज्यों के अभ्यर्थी भी शामिल होंगे।
