उत्तर प्रदेश के परिषदीय शिक्षकों को स्मार्ट क्लास से लेकर AI तक की मिलेगी ट्रेनिंग
परिषदीय शिक्षकों को स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और ऑनलाइन मंचों के उपयोग का प्रशिक्षण मिलेगा।

ये तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
शिक्षकों को स्मार्ट क्लास व डिजिटल लाइब्रेरी का प्रशिक्षण।
दीक्षा, एलएमएस जैसे ऑनलाइन मंचों का उपयोग सीखेंगे।
एआई से पाठ योजना व प्रश्नपत्र बनाने का अभ्यास।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिषदीय स्कूलों के शिक्षक ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षण में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और ऑनलाइन मंचों का उपयोग सीखेंगे। समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश की डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका में उपकरणों का संचालन व रखरखाव, बच्चों की सीखने की क्षमता का आंकलन और एआइ का सही इस्तेमाल शामिल है।
शिक्षक इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, कंप्यूटर, यूपीएस, प्रिंटर और वाई-फाई राउटर चलाना तथा दीक्षा, एलएमएस, पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी से सामग्री जुटाना सीखेंगे। दीक्षा पर कक्षा एक से आठ तक की 82 क्यूआर कोड वाली पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी में पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकें, पत्रिकाएं और आडियो बुक उपलब्ध हैं। हर कालांश में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के उपयोग की सलाह है। इंटरनेट न होने पर डाउनलोड सामग्री या पेन ड्राइव से पढ़ाई होगी। आकलन के परिणाम निपुण प्लस एप पर दर्ज होंगे।
आधे से अधिक बच्चे गलत जवाब दें तो विषय दोबारा पढ़ाया जाएगा। एआइ से पाठ योजना व प्रश्नपत्र तैयार करने का प्रशिक्षण मिलेगा, सामग्री शिक्षक जांचेंगे और बच्चों की निजी जानकारी एआइ मंच पर साझा नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें- स्कूलों का बदल गया समय, आज से 9:30 बजे लगेंगी कक्षाएं; सोनीपत के सभी स्कूलों पर नियम लागू