यूपी पंचायत चुनाव: 3 महीने में चुनाव कराने के हाई कोर्ट के आदेश के बाद हलचल तेज, सुप्रीम कोर्ट जा सकती है सरकार
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में तीन महीने के भीतर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने का आदेश दिया है, जिससे ...और पढ़ें
-1791997552076_m.webp)
सीएम योगी आदित्यनाथ।
HighLights
हाई कोर्ट ने तीन माह में पंचायत चुनाव का आदेश दिया।
सरकार आदेश का अध्ययन कर सुप्रीम कोर्ट जा सकती है।
विधानसभा चुनाव से पहले पंचायत चुनाव बड़ी चुनौती।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तीन माह में कराने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। विधान सभा चुनाव से ठीक पहले पंचायत चुनाव कराने के संभावित नफा-नुकसान के आकलन किए जा रहे हैं।
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर का कहना है कि सरकार अभी आदेश का अध्ययन कर रही है। हालांकि, माना यही जा रहा है कि सरकार हाई कोर्ट के निर्णर्य के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट जा सकती है।
ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने की तिथि 26 मई से पहले पंचायत चुनाव नहीं करा पाने पर सरकार ने पंचायतों में प्रशासक नियुक्त किए हैं। हाई कोर्ट के आदेश के बाद सरकार को अब अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है। सूत्र बताते हैं कि सरकार अभी से प्रयास करे तो शायद तीन माह में चुनाव करा ले जाए।
राज्य निर्वाचन आयोग को चाहिए 45 दिन
ऐसी स्थिति में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए गठित समर्पित अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग को तत्काल अपनी रिपोर्ट देनी पड़ेगी। इस रिपोर्ट मिलने पर सीटों का आरक्षण तय करने में करीब एक माह लगेगा। चुनाव कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को भी 45 दिन चाहिए।
मंत्री राजभर ने कहा कि सरकार हाई कोर्ट के निर्णय का सम्मान करती है। हाई कोर्ट के आदेश और संवैधानिक प्रविधानों का अध्ययन करते हुए निर्णय लिया जाएगा। पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष राम औतार सिंह ने कहा कि आयोग 20 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट देने का प्रयास करेगा। हाई कोर्ट ने आयोग के लिए क्या कहा है, इसका अध्ययन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में घर खरीदने वालों की हुई मौज, RERA ने 8 जिलों के लिए 1226 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंजूरी
गौरतलब है कि सरकार ने 20 मई को आयोग का गठन करते हुए रिपोर्ट के लिए छह माह का समय निर्धारित किया था। आयोग की टीम अब तक 75 में से 42 जिलों में ही जा सकी है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने 10 जून को पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें 12.58 करोड़ मतदाता शामिल हैं। नए परिसीमन के तहत प्रदेश की 57,654 ग्राम पंचायतों, 826 क्षेत्र पंचायतों और 75 जिला पंचायतों के चुनाव कराए जाने हैं।
ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई, जिला पंचायतों का कार्यकाल 11 जुलाई और क्षेत्र पंचायतों का कार्यकाल 19 जुलाई को समाप्त हुआ था।
