NDA में सीट शेयरिंग पर मंथन, दिल्ली में नितिन नवीन से मिलीं अनुप्रिया पटेल, ब्रजेश पाठक से आशीष पटेल ने की मुलाकात
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए राजग गठबंधन के घटक दल मनचाही सीटें पाने की कोशिश में सक्रिय हैं, जिसके लिए वे भाजपा नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। अनुप्रिया पटेल ने नितिन नवीन से, आशीष पटेल ने ब्रजेश पाठक से मुलाकात की, जबकि ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद भी अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं।

HighLights
राजग घटक दल यूपी चुनाव के लिए मनचाही सीटें मांग रहे हैं।
अनुप्रिया पटेल ने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।
आशीष पटेल ने लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से चुनावी चर्चा की।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए मनचाही सीटें पाने की कोशिश में राजग गठबंधन के घटक दल सक्रिय हो गए हैं। इन दलों के नेता भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर अपनी मांगें रख रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यत्रक्ष पंकज चौधरी से भी लगातार बातचीत कर रहे हैं।
इसी कड़ी में शनिवार को अपना दल (एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष नवीन से मुलाकात की।माना जा रहा है कि उन्होंने गठबंधन के तहत पार्टी को मिलने वाली सीटों पर चर्चा की। वहीं, अपना दल (एस) के उपाध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों पर चर्चा की।
गौरतलब है कि सुभासपा अध्यक्ष और मंत्री ओम प्रकाश राजभर पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर 33 विधान सभा क्षेत्रों की सूची सौंप चुके हैं। इस सूची पर चर्चा के लिए उन्होंने अब गृहमंत्री शाह से मिलने का समय मांगा है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री डा. संजय निषाद ने हाल ही में दिल्ली में गृहमंत्री से मुलाकात कर प्रदेश की निषाद बहुल सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की थी।
सहयोगी दल चाहते हैं कि गठबंधन के तहत मिलने वाली सीटों पर भाजपा नेतृत्व जल्द निर्णय करे, ताकि वे संबंधित विधान सभा क्षेत्रों में अपना पूरा ध्यान लगा सकें।
यह भी पढ़ें- 6 दिसंबर की लखनऊ रैली को ऐतिहासिक बनाएगी बसपा, गोरखपुर में हुई समीक्षा बैठक