शिक्षक एमएलसी चुनाव: आगरा के 3 केंद्रों पर होगा पुनर्मतदान, सपा प्रत्याशी ने लगाए थे गंभीर आरोप
आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान होगा, जिसकी संस्तुति रिटर्निंग ऑफिसर ने की है। यह निर्णय ...और पढ़ें

HighLights
आगरा शिक्षक निर्वाचन के तीन केंद्रों पर पुनर्मतदान की संस्तुति।
सपा प्रत्याशी ने बूथ कैप्चरिंग और अनियमितताओं के आरोप लगाए।
खेरागढ़, सैंया, फतेहाबाद के मतदान स्थलों पर होगा पुनर्मतदान।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। आगरा के तीन केंद्रों पर पुर्नमतदान होगा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खंंड स्नातक और 06 खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए कल यानि 23 अक्टूबर को मतदान सम्पन्न हुआ था। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा 03 मतदेय स्थलों पर पुनर्मतदान की संस्तुति की गई है, जिसे भारत निर्वाचन आयोग को प्रेषित किया गया है। आगरा में खेरागढ़, फतेहाबाद और सैया में पुर्नमतदान होगा।
यहां पर होगा पुर्नमतदान
- 1. मतदेय स्थल संख्या 20-तहसील कैम्पस खेरागढ कक्ष सं. 1
- 2. मतदेय स्थल संख्या 21-क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया कक्ष सं. 1
- 3. मतदेय स्थल संख्या 26 क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद कक्ष सं. 1
आगरा में सपा प्रत्याशी ने लगाए थे आरोप
इससे पहले कल शिक्षक एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत करने कमिश्नरी पहुंचे सपा प्रत्याशी एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल भावुक हो गए थे। भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाते हुए रो पड़े थे। उन्होंने कहा था कि चुनाव में हार-जीत से उन्हें अंतर नहीं पड़ता है। ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे कि वह पाकिस्तान से आए आतंकवादी हों। उन्हें यदि यह पता होता कि हमारे शिक्षकों और प्रबंधकों के साथ ज्यादती की जाएगी तो वह चुनाव ही नहीं लड़ते। उन्होंने अगले माह लखनऊ में शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन का एलान भी किया था।
कमिश्नर से की गड़बड़ी की शिकायत
सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कमिश्नर नगेंद्र प्रताप से मतदान में गड़बड़ी की शिकायत करने कमिश्नरी पहुंचे थे। मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए उन्होंने आरोप लगाया था कि खेरागढ़ में 20 नंबर मतदान केंद्र भाजपा प्रत्याशी के भतीजे ने लूट लिया है। पीठासीन अधिकारी ने खाने के समय मतदान कक्ष बंद कर मतदाताओं को बाहर निकाल दिया। छाता के मतदान केंद्र 40 पर सभी स्कूल प्रबंधकों को उठा लिया गया। नगर निगम इंटर कॉलेज मतदान केंद्र नंबर 10 पर भाजपा प्रत्याशी गए और बूथ कैप्चरिंग की गई।
यह भी पढ़ें- बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगा तो रो पड़े सपा प्रत्याशी, बोले- खुद को महसूस कर रहा पाकिस्तानी आतंकी; करूंगा धर्म परिवर्तन
भावुक हुए डॉ. आकाश ने कहा कि सनातन के रक्षकों और रखवालों के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। वह ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सरकार से बस यही कहना चाहते हैं कि जिस तरह चुनाव कराना हो कराए, लेकिन उनके परिवार, साथियों और 12 जिलों के शिक्षकों को परेशान नहीं किया जाए।
