विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगा तो रो पड़े सपा प्रत्याशी, बोले- खुद को महसूस कर रहा पाकिस्तानी आतंकी; करूंगा धर्म परिवर्तन

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Sat, 24 Oct 2026 02:14 AM (IST)

शिक्षक एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत करने पहुंचे सपा प्रत्याशी डा. आकाश अग्रवाल बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर भावुक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल बूथ कैप्चरिंग के आरोपों पर भावुक हुए।

  2. उन्होंने खुद को पाकिस्तानी आतंकी जैसा महसूस करने की बात कही।

  3. अगले माह लखनऊ में धर्म परिवर्तन करने का एलान किया।

जागरण संवाददाता, आगरा। शिक्षक एमएलसी चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत करने कमिश्नरी पहुंचे सपा प्रत्याशी एमएलसी डा. आकाश अग्रवाल भावुक हो गए। भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाते हुए रो पड़े। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार-जीत से उन्हें अंतर नहीं पड़ता है। ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे कि वह पाकिस्तान से आए आतंकवादी हों।

उन्हें यदि यह पता होता कि हमारे शिक्षकों और प्रबंधकों के साथ ज्यादती की जाएगी तो वह चुनाव ही नहीं लड़ते। उन्होंने अगले माह लखनऊ में शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन का एलान भी किया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है।

सपा प्रत्याशी डा. आकाश अग्रवाल बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कमिश्नर नगेंद्र प्रताप से मतदान में गड़बड़ी की शिकायत करने कमिश्नरी पहुंचे थे। मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि खेरागढ़ में 20 नंबर मतदान केंद्र भाजपा प्रत्याशी के भतीजे ने लूट लिया है। पीठासीन अधिकारी ने खाने के समय मतदान कक्ष बंद कर मतदाताओं को बाहर निकाल दिया। छाता के मतदान केंद्र 40 पर सभी स्कूल प्रबंधकों को उठा लिया गया।

नगर निगम इंटर कालेज मतदान केंद्र नंबर 10 पर भाजपा प्रत्याशी गए और बूथ कैप्चरिंग की गई। भावुक हुए डा. आकाश ने कहा कि सनातन के रक्षकों और रखवालों के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है। वह ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह सरकार से बस यही कहना चाहते हैं कि जिस तरह चुनाव कराना हो कराए, लेकिन उनके परिवार, साथियों और 12 जिलों के शिक्षकों को परेशान नहीं किया जाए।

झांसी में मतदाता सूची से सांसद का नाम गायब

भाजपा सांसद अनुराग शर्मा का नाम कटने से अचानक सियासत गरमा गई। सांसद ने इसे तकनीकी मामला बताया, तो समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह यादव व पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगा दिया।

मतदान के दौरान कई जिलों में हंगामा और नोकझोंक

राज्य के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हुए मतदान के दौरान शुक्रवार को कई केंद्रों पर जमकर हंगामा हुआ। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, फर्जी मतदान और बूथ कैप्चरिंग के आरोपों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बन गई।मुरादाबाद मंडल में बिलारी में सपा विधायक ने वोटर लिस्ट में धांधली का वीडियो प्रसारित किया।

अमरोहा के मंडी धनौरा में सपा प्रत्याशी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई। संभल में सपा नेताओं ने फर्जी नाम जोड़ने की शिकायत प्रशासन से की। आगरा के फतेहाबाद ब्लाक मतदान केंद्र पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप को लेकर सपा और भाजपा समर्थकों में झड़प और हाथापाई हुई, जिसके बाद पुलिस कमिश्नर को भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा।

फिरोजाबाद में भी सपा ने फर्जी मतदान का आरोप लगाया। मैनपुरी के किशनी ब्लाक में मतदान स्थल पर प्रवेश को लेकर विवाद के बाद सपा विधायक धरने पर बैठ गए, जिन्हें डीएम और एसपी ने बमुश्किल समझाया। अलीगढ़ के खैर में सांसद के मतदान केंद्र में प्रवेश को लेकर हंगामा हुआ।

कानपुर, बुंदेलखंड और अन्य क्षेत्र

फतेहपुर, फर्रुखाबाद, औरैया, बांदा और महोबा में फर्जी वोटिंग के आरोपों पर सपाइयों और भाजपाइयों में तीखी झड़पें हुईं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया के जरिए गड़बड़ी के आरोप लगाए। मुजफ्फरनगर में मंत्री के साथ समर्थकों के प्रवेश पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। वहीं, प्रयागराज में सपा प्रत्याशी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट पर भाजपा प्रत्याशी की पर्ची रखने का गंभीर आरोप लगाया।