यूपी एमएलसी चुनाव मतगणना आज: 11 सीटों पर वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू, शाम तक आएंगे नतीजे
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों (पांच स्नातक, छह शिक्षक) के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी।

संजय कम्युनिटी हाल में मतगणना के लिए की गई तैयारियां। जागरण
HighLights
विधान परिषद की 11 सीटों पर मतगणना आज।
सुबह 8 बजे से शुरू होगी वोटों की गिनती।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर प्रेक्षक बदला गया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे से सात केंद्रों पर शुरू होगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी कैमरे व वीडियोग्राफी की निगरानी में मतगणना कराई जाएगी। लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना रमाबाई रैली स्थल पर अलग-अलग हाल में होगी। शाम तक नतीजे आने की उम्मीद है।
वाराणसी में स्नातक सीट और शिक्षक सीट की मतगणना स्टेट वेयरहाउस कार्पोरेशन में होगी। आगरा में दोनों सीटों की मतगणना नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति केंद्र में होगी।
मेरठ में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मोदीपुरम के गांधी हाल भवन के हाल ए और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना हाल बी में होगी।
इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना झांसी स्थित बुंदेलखंड डिग्री कालेज के कोठारी हाल में होगी। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बरेली के संजय कम्युनिटी हाल में होगी।
वहीं, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना गोरखपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कामर्स बिल्डिंग के हाल नंबर एक और दो में कराई जाएगी।
एमएलसी की जिन 11 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है उनका कार्यकाल छह दिसंबर तक है। इनमें भाजपा के छह, सपा के तीन व निर्दलीय दो सदस्य हैं। इन सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट के प्रेक्षक बदले
विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना से ठीक एक दिन पहले भारत निर्वाचन आयोग ने प्रेक्षक बदल दिया है। आयोग ने वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी अभय सिंह को प्रेक्षक ड्यूटी से मुक्त कर रिजर्व में रख दिया है। उनके स्थान पर वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी प्रकाश बिंदु को नया प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। उन्हें मंगलवार को मतगणना के लिए तत्काल संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रेक्षक बदलने का निर्णय ऐसे समय हुआ है, जब भाजपा के बागी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने अभय सिंह पर चुनाव में धांधली के गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को जारी पत्र में अभय सिंह को प्रेक्षक ड्यूटी से मुक्त कर रिजर्व में रखने और उनके स्थान पर प्रकाश बिंदु को नियुक्त करने का निर्देश दिया है।
