विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी MLC चुनाव की 11 सीटों पर कुल 55 प्रतिशत मतदान, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर सर्वाधिक 79% वोटिंग

Published: Fri, 23 Oct 2026 09:50 PM (GMT+05:30)

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों (5 स्नातक, 6 शिक्षक) के लिए हुए चुनाव में शाम चार बजे तक ...और पढ़ें

यूपी MLC की 11 सीट पर 55 प्रतिशत हुआ मतदान।

यूपी MLC की 11 सीट पर 55 प्रतिशत हुआ मतदान।

HighLights

  1. विधान परिषद की 11 सीटों पर 55.24% मतदान हुआ।

  2. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर सर्वाधिक 79.01% वोटिंग दर्ज।

  3. स्नातक की तुलना में शिक्षक मतदाताओं में अधिक उत्साह दिखा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा व सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच छिटपुट झड़पों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में शुक्रवार को शाम चार बजे तक 55.24 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान में स्नातक मतदाताओं की तुलना में शिक्षक मतदाता अधिक उत्साहित नजर आए। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर सर्वाधिक 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ।

स्नातक खंड सीटों में आगरा में सर्वाधिक 51 प्रतिशत वोट पड़े। लखनऊ खंड स्नातक सीट में सबसे कम 38.02 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही 152 प्रत्याशियों की किस्मत बैलेट बाक्स में बंद हो गई है। इनके भाग्य का निर्णय 27 अक्टूबर को मतगणना के दिन होगा।

विधान परिषद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआत में मतदान धीमा रहा। इस कारण पहले दो घंटे में मात्र साढ़े आठ प्रतिशत मतदान हुआ।

इसके बाद मतदान में तेजी आई और दोपहर 12 बजे तक 24 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर दो बजे तक 40.87 प्रतिशत वोट पड़े थे। इन 11 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 14.81 लाख मतदाता थे, जिनके लिए 2697 मतदेय स्थल बनाए गए थे।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अधिक हुआ मतदान

चुनाव में मतदान प्रतिशत को लेकर दोनों श्रेणियों के मतदाताओं के रुझान में बड़ा अंतर दिखा। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत अपेक्षाकृत अधिक रहा। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड में 73.69 प्रतिशत, वाराणसी में 68.21 प्रतिशत, आगरा में 63.84 प्रतिशत, मेरठ में 60.80 प्रतिशत और लखनऊ में 50.92 प्रतिशत मतदान हुआ।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कम हुई वोटिंग

वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा को छोड़कर किसी भी सीट पर मतदान 42 प्रतिशत तक नहीं पहुंच सका। इलाहाबाद-झांसी में 41.40 प्रतिशत, वाराणसी में 41.01 प्रतिशत और मेरठ में 39.81 प्रतिशत मतदान हुआ। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान का आंकड़ा 73.69 प्रतिशत रहा।

मतदान के दौरान छिटपुट झड़पों और आरोप-प्रत्यारोप भी खूब लगे। सपा ने चुनाव आयोग से बूथ कैप्चरिंग व फर्जी मतदान आदि की 100 से अधिक शिकायतें की हैं। वहीं, भाजपा ने भी दर्जनों शिकायतें फर्जी मतदान व मतदाता सूची में नाम कटने की शिकायतें कीं। इन सबके बावजूद किसी भी स्थान पर मतदान प्रभावित नहीं रहा है।

यह भी पढ़ें- UP MLC Election 2026: रायबरेली में शांतिपूर्ण मतदान, 61 मतदान केंद्रों पर मुस्तैद रहे अधिकारी

यह भी पढ़ें- UP MLC Election: सैफई में पत्नी के साथ शिवपाल यादव ने डाला वोट, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का लगाया आरोप