यूपी में मातृ वंदना योजना के कार्यकर्ताओं को जल्द मिलेगी प्रोत्साहन राशि, CMO को बैंक खाते का ब्योरा देने के निर्देश
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत कार्यकर्ताओं को लंबित प्रोत्साहन राशि जल्द जारी होने की उम्मीद है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मातृ वंदना योजना की लंबित प्रोत्साहन राशि जल्द जारी होगी।
प्रमुख सचिव ने सीएमओ को बैंक खाते का ब्योरा देने को कहा।
भुगतान में पारदर्शिता और गड़बड़ी रोकने के लिए सत्यापन होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लंबे समय से लंबित प्रोत्साहन राशि जल्द जारी होने की उम्मीद है। लंबित भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य वी. हेकाली झिमोमी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को निर्देश जारी किए हैं।
सीएमओ कार्यालय स्तर पर खोले गए बैंक खातों का विवरण बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि मांग पत्र के आधार पर लंबित इंसेंटिव की धनराशि संबंधित खातों में भेजी जा सके।
भुगतान में पारदर्शिता और गड़बड़ी की आशंका खत्म करने के लिए बीसीपीएमएम-एमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ब्लॉक, नगर और क्षेत्रीय कार्यकर्ता स्तर पर लंबित इंसेंटिव का ब्योरा तैयार किया जाएगा। इसके साथ संबंधित प्रमाणपत्र भी उपलब्ध कराने होंगे।
प्रमुख सचिव ने भुगतान से पहले लाभार्थियों और लंबित धनराशि का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। गलत भुगतान होने पर संबंधित बिल प्रस्तुत करने वाले और उसे स्वीकृत करने वाले अधिकारी, दोनों की जवाबदेही तय की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी शिक्षक भर्ती में बिना TET अभ्यर्थियों को मौका देने पर उठे सवाल, अनुच्छेद 14 के उल्लंघन का आरोप