यूपी में विशेष लोक अदालत में निपटाए गए 25 हजार से ज्यादा मोटर वाहन चालान के मामले, 1.53 करोड़ की हुई वसूली
उत्तर प्रदेश में आयोजित विशेष लोक अदालत में मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े 25,389 चालान मामलों का निस्तारण किया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
विशेष लोक अदालत में 25,389 मोटर वाहन चालान निपटाए गए।
सुलह-समझौते से 1.53 करोड़ रुपये की समझौता राशि वसूल हुई।
न्यायालयों में लंबित 25,116 वाद भी इसमें शामिल थे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए शनिवार को प्रदेशभर में विशेष लोक अदालत आयोजित की गई। इसमें सुलह-समझौते के आधार पर 25,389 मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया। इन मामलों में कुल एक करोड़ 53 हजार 516 रुपये की समझौता धनराशि वसूल की गई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव डॉ. मनु कालिया ने बताया कि शनिवार शाम 7:30 बजे तक प्रदेश के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों से प्राप्त सूचना के अनुसार निस्तारित मामलों में 273 प्री-लिटिगेशन वाद और न्यायालयों में लंबित 25,116 वाद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति अरुण भंसाली के निर्देशन तथा वरिष्ठ न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति अरिंदम सिन्हा के मार्गदर्शन में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया।