विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडीओपी के बाद अब यूपी में शुरू होगी 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट' योजना, हर जिले की कला को मिलेगा मंच

By Jagran NewsEdited By: Shiv Govind Mishraa
Published: Fri, 13 Nov 2026 09:51 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट' योजना शुरू करने की घोषणा की है। यह योजना ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. पारंपरिक कलाओं, लोक संगीत, सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।

  2. हर जिले की विशिष्ट कला को मंच और प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।

  3. लुप्त होती कलाओं को आजीविका का सशक्त आधार बनाया जाएगा।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पारंपरिक कलाओं, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने के लिए प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट' (एक जिला-एक कला) शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह में कहा कि जिस तरह वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन (ओडीओसी) के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों और खान-पान को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है, उसी तरह हर जिले की विशिष्ट कला को भी पहचान और मंच मिलना चाहिए।

इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के कलाकारों को जोड़कर नियमित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की व्यवस्था की जाए। हर दिन संभव न हो तो सप्ताह में कम से कम एक दिन किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थल या चौराहे पर कलाकार अपनी प्रस्तुति दें।

मुख्यमंत्री ने संत गाडगे महाराज प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में संस्कृति विभाग को कलाकारों की प्रस्तुतियों को प्रोत्साहन देने और नई प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के सुझाव भी दिए। कहा कि प्रदेश में लोक कला, संगीत, नृत्य और नाट्य की इतनी समृद्ध परंपराएं हैं कि हर जिले की अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान सामने लाई जा सकती है।

कहीं लोकनृत्य की परंपरा है तो कहीं लोकगीत, कहीं पारंपरिक वाद्य यंत्रों की विशिष्टता है तो कहीं लोक नाट्य की विधाएं। इन सभी को व्यवस्थित तरीके से सामने लाने की जरूरत है। कार्यक्रम ऐसे स्थानों पर हों, जहां पर्याप्त जगह हो, यातायात बाधित न हो और लोग आसानी से कलाकारों की प्रस्तुतियां देख और सुन सकें।

उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के साथ भारतेंदु नाट्य अकादमी, बिरजू महाराज कथक संस्थान सहित अन्य अकादमियों को इसमें सामूहिक प्रयास करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडीओपी के माध्यम से लाखों युवाओं, कारीगरों और हस्तशिल्पियों को रोजगार के अवसर मिले हैं।

इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट के माध्यम से पारंपरिक कलाओं को आजीविका का आधार बनाया जा सकता है। लक्ष्य केवल लुप्त होती कलाओं को बचाना नहीं, बल्कि उन्हें इतना सक्षम बनाना होना चाहिए कि वे नई पीढ़ी की पहचान, रोजगार और गौरव का माध्यम बनें। उन्होंने कहा कि भारतीय संगीत और पारंपरिक कलाओं में वैश्विक स्तर पर आकर्षित करने की क्षमता है। पश्चिमी संगीत तात्कालिक रूप से लोगों को आकर्षित कर सकता है, लेकिन मानसिक शांति, साधना और आध्यात्मिक अनुभूति के लिए भारतीय संगीत की अपनी विशिष्ट भूमिका है।

योग और आयुर्वेद की तरह भारतीय संगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाएं भी भारत की वैश्विक पहचान और साफ्ट पावर का महत्वपूर्ण आधार बन सकती हैं। उन्होंने पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों से संगीत नाटक अकादमी में कर्मचारियों की कमी दूर करने को भी कहा। आवश्यकता पड़ने पर बोर्ड या समिति बनाकर चयन प्रक्रिया पूरी करने और चयनित लोगों को वेटेज व आयु सीमा में छूट देने का सुझाव दिया। कहा कि पद खाली नहीं रहने चाहिए और इस कमी को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।

75 जिलों में कार्यशालाओं से नई प्रतिभाओं को अवसर

मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी की छह दशक से अधिक की यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि अकादमी ने अपनी गतिविधियों को लखनऊ तक सीमित न रखकर प्रदेश के सभी अंचलों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

75 जिलों में ग्रीष्मकालीन कार्यशालाओं और 24 केंद्रों पर शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिताओं के आयोजन को नई पीढ़ी को कला से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कहा, अवध संध्या, घराना कार्यक्रम, नमन, यादें और पुष्पांजलि जैसे आयोजनों से वरिष्ठ कलाकारों की स्मृतियों को सम्मान और नई प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कलाकारों से डिजिटल माध्यमों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग करते हुए नए प्रयोग करने का आह्वान किया। कहा कि तकनीक अभिव्यक्ति और प्रतिभा को दुनिया तक पहुंचाने का माध्यम है, लेकिन इसके साथ अपनी मिट्टी की सुगंध, लोकधुनों और गुरु की सीख को नहीं भूलना चाहिए। स्मार्टफोन जीवन को आसान बनाने के लिए है, पारिवारिक और पारंपरिक संबंधों को तोड़ने के लिए नहीं।

मुख्यमंत्री ने लुप्त हो रहे वाद्य यंत्रों को संरक्षित करना कला जगत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति बड़ा योगदान होगा। कहा, जब कोई लोकधुन खोती है तो उसके साथ केवल संगीत की एक विधा समाप्त नहीं होती, बल्कि उस क्षेत्र की स्मृतियां, परंपराएं और पीढ़ियों का अनुभव भी लुप्त हो जाता है। योगी ने युवा कलाकारों की ओर से लुप्तप्राय पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से दी गई प्रस्तुति की सराहना की। कहा कि यह प्रस्तुति अंतर्मन को छूने वाली थी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अपनी विरासत का संरक्षण विकसित भारत की कल्पना को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि इसे आत्मा की अभिव्यक्ति और परमात्मा की आराधना का माध्यम माना गया है। प्रणव ओंकार से लेकर भगवान शिव के डमरू, मां सरस्वती की वीणा और योगेश्वर श्रीकृष्ण की बांसुरी तक भारतीय परंपरा में संगीत और नाद का विशेष महत्व रहा है। महर्षि भरत के नाट्यशास्त्र से लेकर आधुनिक रंगमंच तक भारतीय कला परंपरा ने अभिव्यक्ति के विविध माध्यम विकसित किए हैं।

उन्होंने कहा कि लखनऊ, बनारस, आगरा, कैराना, रामपुर, सहसवान और शाहजहांपुर जैसे संगीत केंद्रों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत को अलग-अलग रंग और पहचान दी है। पंडित बिरजू महाराज और गुरु लच्छू महाराज ने कथक को वैश्विक पहचान दिलाई। गिरिजा देवी की ठुमरी और बेगम अख्तर की गजल गायकी ने प्रदेश की संगीत विरासत को समृद्ध किया।

ठुमरी, दादरा, टप्पा, कजरी, चैती और होरी जैसी विधाएं हमारी सांस्कृतिक विविधता की प्रतीक हैं। ब्रज की रासलीला, अवध की रामलीला, पूर्वांचल का बिरहा, कजरी और सोहर तथा बुंदेलखंड का आल्हा और राई लोकजीवन की सामूहिक स्मृतियों को संजोए हुए हैं।

गुरु-शिष्य परंपरा कला की असली ताकत

मुख्यमंत्री ने गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय कला की सबसे बड़ी विशेषता बताया। कहा कि गुरु शिष्य को केवल सुर, ताल, भाव और अभिनय की तकनीक नहीं सिखाता, बल्कि जीवन का अनुशासन, धैर्य और साधना का संस्कार भी देता है।

मंच पर कलाकार की प्रस्तुति के पीछे वर्षों का अभ्यास, गुरु का आशीर्वाद और पीढ़ियों का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र को स्थायी रूप से गुलाम बनाना हो तो उसकी संस्कृति को नष्ट करने का प्रयास किया जाता है।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा को लेकर रविवार-सोमवार को लखनऊ में रहेगा रूट डायवर्जन, लक्ष्मण मेला मैदान की ओर जाने वाले रास्ते रहेंगे बंद

भारत की लोक कलाओं और लोक गाथाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की सांस्कृतिक आत्मा को जीवित रखा है। समारोह में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी,, लोक एवं उपशास्त्रीय गायिका मालिनी अवस्थी, भारतेंदु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रतिशंकर त्रिपाठी, बिरजू महाराज कथक संस्थान की अध्यक्ष कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन, अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात, अकादमी के निदेशक राजकुमार आदि उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।