छठ पूजा को लेकर रविवार-सोमवार को लखनऊ में रहेगा रूट डायवर्जन, लक्ष्मण मेला मैदान की ओर जाने वाले रास्ते रहेंगे बंद
लखनऊ में छठ पूजा के मद्देनजर 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख रास्तों पर यातायात व्यवस्था बदली ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
छठ पूजा के कारण लखनऊ में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
15 और 16 नवंबर को प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू।
लक्ष्मण मेला मैदान, कुड़ियाघाट के रास्ते रहेंगे बंद।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। छठ पूजा के मद्देनजर रविवार और सोमवार को शहर के कई प्रमुख रास्तों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। 15 नवंबर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और रात में कोसी भरने के कार्यक्रम के दौरान दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा।
वहीं, 16 नवंबर को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तड़के तीन बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करने की अपील की है।
लक्ष्मण मेला मैदान की ओर नहीं जाएंगे वाहन
हजरतगंज क्षेत्र में चिरैयाझील तिराहे से लक्ष्मण मेला मैदान की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन सहारागंज, सिकंदरबाग, वाइएमसीए, पीएनटी चौराहा या क्लार्क अवध तिराहे से होकर जा सकेंगे। 1090 चौराहे, पीएनटी चौराहे, बैकुंठधाम और संकल्प वाटिका ओवरब्रिज की ओर से लक्ष्मण मेला मैदान जाने वाले रोडवेज और सिटी बसों को गोल्फ क्लब व बंदरियाबाग होकर जाना होगा। समतामूलक चौराहे से बैकुंठधाम की ओर भी सामान्य यातायात और बसों पर रोक रहेगी।
झूलेलाल पार्क और कुड़ियाघाट का रास्ता भी बंद
महानगर क्षेत्र में नदवा बंधा मोड़ और इक्का-तांगा स्टैंड से झूलेलाल पार्क की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें आइटी चौराहा, सुभाष चौराहा और डालीगंज की ओर मोड़ा जाएगा। नया पक्का पुल से बैरल नंबर दो की ओर जाने पर भी रोक रहेगी। चौक क्षेत्र में रूमीगेट पुलिस चौकी और नया पक्का पुल से कुड़ियाघाट की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
वाहन टीले वाली मस्जिद तिराहे से होकर निकलेंगे। घैला पुल से ग्रीन कारिडोर के रास्ते कुड़ियाघाट जाने वाले वाहनों को छंदोइया बाईपास से भेजा जाएगा। राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल चौराहे से भी कुड़ियाघाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। उन्हें रैम्प से उतरकर वीरांगना अवंतीबाई चौराहे की ओर जाना होगा।
रोडवेज बसों के लिए भी बदला रास्ता
कैसरबाग से सीतापुर जाने वाली रोडवेज बसें कुड़ियाघाट के बजाय पक्का पुल, इमामबाड़ा, रूमीगेट, घंटाघर, कोनेश्वर, बालागंज और दुबग्गा होते हुए जाएंगी। सीतापुर की ओर से आने वाली बसें मड़ियांव, खदरा और नया पक्का पुल होते हुए कैसरबाग पहुंचेंगी। यातायात पुलिस के मुताबिक चिकित्सकीय आपात स्थिति में एम्बुलेंस को प्रतिबंधित मार्गों से भी निकलने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।