सरकारी ई-मेल के बजाय 'Gmail' और जेलरों के निजी नाम से चल रहीं यूपी की कई जेलें, रिहाई के आदेश तक हो रहे बाउंस
उत्तर प्रदेश की अधिकांश जेलें गोपनीय और संवेदनशील पत्राचार के लिए सरकारी NIC ईमेल के बजाय निजी Gmail और Rediffmail खातों का उपयोग कर रही हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
यूपी की जेलें निजी ईमेल से कर रही गोपनीय पत्राचार।
सरकारी शासनादेश का उल्लंघन, सुरक्षा पर गंभीर खतरा।
अधिवक्ता ने तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।
रोहित कांत, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की जेलों में गोपनीय और संवेदनशील पत्राचार को लेकर चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है।
हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ के अधिवक्ता सैयद मोहम्मद हैदर रिजवी ने शासन को प्रत्यावेदन भेजकर खुलासा किया है कि राज्य की अधिकांश जेलें सुरक्षित सरकारी (एनआईसी) व्यवस्था की जगह निजी ई-मेल खातों का इस्तेमाल कर रही हैं।
उनके मुताबिक प्रदेश में 28 जुलाई, 2022 को जारी शासनादेश के तहत सरकारी पत्राचार केवल सुरक्षित एनआईसी (gov.in) डोमेन से ही किए जाने का स्पष्ट निर्देश था, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है।
कारागार विभाग की वेबसाइट पर दर्ज 75 जेलों की ई-मेल आईडी में से 69 जेलें 'Gmail' और दो जेलें 'Rediffmail' जैसे निजी प्लेटफार्म का उपयोग कर रही हैं। केवल चार जेलें (आगरा, बदायूं, फिरोजाबाद और पीलीभीत) ही आधिकारिक सरकारी आईडी का इस्तेमाल कर रही हैं।
केंद्रीय कारागार बरेली व किशोर सदन बरेली के लिए एक ही आईडी है। यही हाल आदर्श कारागार और नारी बंदी निकेतन लखनऊ का है, जिससे महिला और किशोर बंदियों से जुड़े गोपनीय मामलों की सुरक्षा खतरे में है।
कन्नौज और प्रतापगढ़ में निजी नामों से चल रही आईडी
कन्नौज और प्रतापगढ़ जेलों की आईडी वहां तैनात जेलर के निजी नामों से चल रही हैं, जिससे अधिकारियों के तबादले या सेवानिवृत्ति के बाद पत्राचार प्रभावित होने की आशंका है।
अधिवक्ता ने जब 10 नवंबर को जेल मुख्यालय की आधिकारिक जीमेल आईडी पर मेल भेजा, तो वह बाउंस होकर वापस आ गया। मेल में इनबाक्स के पूरी तरह भरे होने की पुष्टि हुई, साथ ही सात अन्य जिलों से भी ऐसी ही शिकायतें मिलीं।
उनके मुताबिक बंदियों की जमानत, रिहाई के आदेश, बीमारी और परिजनों की शिकायतों जैसे अति संवेदनशील मामलों को भरे हुए या निजी खातों के भरोसे छोड़ना संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का सीधा उल्लंघन बताया गया है।
अधिवक्ता ने मुख्य सचिव (गृह), आइटी विभाग, डीजीपी, डीजी-आईजी (कारागार) तथा एनआईसी को प्रत्यावेदन भेजकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई और शासनादेश का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- फर्जी प्रमाणपत्रों से बने शिक्षकों की जांच पर इलाहाबाद हाई कोर्ट सख्त, यूपी सरकार को दी 3 महीने की मोहलत