यूपी में दवाओं की कीमत छिपाने वाले अस्पताल फार्मेसियों पर गिरेगी गाज, लाइसेंस भी होगा सस्पेंड
उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने अस्पतालों की फार्मेसियों पर दवाओं की कीमत ऑनलाइन प्रदर्शित न करने पर शिकंजा कसा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एफएसडीए ने अस्पताल फार्मेसियों पर दवाओं की कीमत के लिए शिकंजा कसा।
सात दिन में ऑनलाइन ब्योरा न देने पर लाइसेंस होगा रद्द।
मरीजों को दवाओं की खरीद-बिक्री मूल्य की जानकारी देना अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अस्पतालों में भर्ती मरीजों से दवाओं की मनमानी कीमत वसूलने पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने हास्पिटल की फार्मेसियों पर शिकंजा कस दिया है। राज्य के 64 जिलों की 381 फार्मेसियों की जांच में अधिकतर के पास सार्वजनिक वेबसाइट नहीं मिली। इन्हें सात दिन में दवा की खरीद और बिक्री कीमत का ब्योरा आनलाइन कराने का निर्देश दिया है। ऐसा न करने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी गई है।
एफएसडीए आयुक्त डा.रोशन जैकब ने सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को चार दिसंबर तक सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। फार्मेसियों को निर्धारित प्रारूप में जानकारी और वेबसाइट का यूआरएल उपलब्ध कराना होगा। ऐसा न होने पर ड्रग्स एंड कास्मेटिक्स एक्ट के तहत दवा बिक्री पर रोक लगा दी जाएगी।
आदेश का पालन होने तक रोक जारी रहेगी। जैकब का कहना है कि अभियान का उद्देश्य दवाओं की कीमत या फार्मेसियों के मुनाफे पर नियंत्रण लगाना नहीं, बल्कि मरीजों को खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी देना है। इसके तहत दवाओं का प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) सार्वजनिक करना अनिवार्य है। यह व्यवस्था खासकर उन भर्ती मरीजों के हित में लागू की गई है, जिनके पास अस्पताल की फार्मेसी के अलावा दवाएं खरीदने का विकल्प सीमित होता है।
एक अक्टूबर के आदेश के तहत फार्मेसियों को वेबसाइट पर लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम, परिसर का पता और नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या व फोटो प्रदर्शित करना होगा। साप्ताहिक स्टाक का ब्योरा भी देना होगा। वेबसाइट का यूआरएल काउंटर पर प्रदर्शित करने के साथ क्यूआर कोड या ऐप के जरिये मरीजों को उपलब्ध कराना होगा।
यह भी पढ़ें- 25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार... यूपी चुनाव को लेकर अखिलेश ने जारी किया सपा का घोषणा पत्र
एफएसडीए की पूर्व की जांचों में कुछ दवाओं के खरीद मूल्य और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) के बीच कई गुना अंतर मिला था। कम कीमत पर दवाएं मिलने के बावजूद इसका लाभ मरीजों तक पहुंच रहा है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं था। विभाग का मानना है कि कीमतों का ब्योरा सार्वजनिक होने से ऐसी विसंगतियों के साथ संदिग्ध और नकली दवाओं की पहचान में भी मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।