स्वास्थ्य विभाग का बड़ा फैसला: यूपी के अस्पतालों को साज-सज्जा और दवा खरीद के लिए दिए ₹40 करोड़
उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों की साज-सज्जा और दवा खरीद के लिए 40 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह धनराशि पुनर्विनियोग के माध्यम से दी गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। स्वास्थ्य विभाग में अलग-अलग मदों में पड़ी धनराशि खर्च न हो पाने की स्थिति में शासन ने पुनर्विनियोग के माध्यम से 40 करोड़ रुपये अस्पतालों की साज-सज्जा व दवा आदि खरीदने के लिए दिए हैं।
ज्यादा धनराशि पूर्वांचल एवं अवध क्षेत्र के जिलों को जबकि अपेक्षाकृत समृद्ध इंफ्रास्ट्रक्चर वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों को कम हिस्सा धनराशि दी गई है।
महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य द्वारा जारी किए गए आदेश के मुताबिक 92 सरकारी अस्पतालों एवं संबंधित मुख्य चिकित्साधिकारियों को कुल 40 करोड़ का बजट जारी किया गया, जिसमें से 24 करोड़ रुपये दवा एवं रसायनों की खरीद, सज्जा एवं अन्य आवश्यकताओं पर खर्च होगा।
प्रयागराज को 56.54 लाख, जौनपुर को 59.93 लाख, आजमगढ़ को 57.78 लाख, बलिया को 53.10 लाख, सीतापुर को 56.54 लाख, बाराबंकी को 50.10 लाख, देवरिया को 49.78 लाख रुपये का बजट दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की सुविधाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता के लिहाज से इन जिलों को अपेक्षाकृत पिछड़ा भी माना जाता है।
जबकि इससे 30 से 50 प्रतिशत कम बजट पश्चिम उप्र के जिलों के हिस्से आया। गौतमबुद्धनगर को 15.56 लाख, बागपत को 19.98 लाख, शामली एवं हापुड़ को 19-19 लाख, मुरादाबाद को 23.6 लाख, बिजनौर को 33.50 लाख, मेरठ एवं मुजफ्फरनगर को 31-31 लाख रुपये का बजट दिया गया है।
शासन ने बजट जारी करते हुए साफ किया है कि आवंटित राशि से ज्यादा खर्च करने वाले अधिकारी जिम्मेदार होंगे। डीजी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. पवन कुमार अरुण ने बताया कि बजट जिलों की आवश्यकताओं एवं मांगों के मुताबिक एक मानक बनाकर दिया जाता है।
कई मदों का बचा धन दूसरी आवश्यकताओं की प्रतिपूर्ति के लिए जारी किया गया है। ओपीडी, सर्जरी, प्रसव एवं रेडियोडाइग्नोस्टिक समेत कई अन्य जांचों एवं सुविधाओं को बढ़ाने पर धन खर्च होता है।
यह भी पढ़ें- यूपी में पेट्रोल-डीजल खत्म होने वाला है या नहीं? योगी सरकार ने कर दिया क्लियर
