यूपी में पेट्रोल-डीजल खत्म होने वाला है या नहीं? योगी सरकार ने कर दिया क्लियर
योगी सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों को खारिज किया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है और कोई संकट नहीं है।

योगी आदित्यनाथ - फाइल फोटो
HighLights
योगी सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाहों को नकारा।
भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई।
जिला प्रशासन को पेट्रोल पंपों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच योगी सरकार ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इंटरनेट मीडिया के जरिए कुछ भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं, जिनमें ईंधन की कमी की बात कही जा रही है।
इन सूचनाओं को गलत बताते हुए सरकार ने स्पष्ट किया कि यह शरारती तत्वों की हरकत है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद विभाग रणवीर प्रसाद ने कहा कि सभी जिलों में मांग के अनुसार पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है और कहीं भी संकट जैसी स्थिति नहीं है।
प्रदेश सरकार ने लोगों से की अपील
प्रदेश सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों के आधार पर घबराहट में अतिरिक्त खरीदारी न करें। सरकार ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों की स्थिति पर नजर रखें और कहीं भी आपूर्ति बाधित न होने दें।
तेल कंपनियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि किसी भी स्थिति में आम लोगों को परेशानी न हो। सरकार ने यह भी कहा कि अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण करने से आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव पड़ता है। इसलिए आम लोग संयम बरतें और सामान्य जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें।
सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। पेट्रोल-डीजल को लेकर किसी भी तरह की चिंता की जरूरत नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुरुवार को दिन में गोरखपुर में एक कार्यक्रम में कहा था कि अफवाहों पर ध्यान न दें, आवश्यकता पड़ने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने के लिए जाएं।
