इंतजार खत्म: यूपी के सरकारी डॉक्टरों के प्रमोशन और वेतन वृद्धि का रास्ता साफ करने की तैयारी, 10 दिन में मांगी रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिस पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य की बैठक में सहमति बनी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सरकारी डॉक्टरों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द शुरू होने पर बनी सहमति।
स्वास्थ्य महानिदेशक को 30 तक डीपीसी पत्रावलियां शासन को भेजने के निर्देश।
डेंटल संवर्ग के लंबित कैरियर प्रोन्नयन मामलों पर भी हुई चर्चा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सरकारी अस्पतालों में तैनात डाक्टरों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ने की उम्मीद है। गुरुवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव वी. हेकाली झिमोमी की अध्यक्षता में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस पर सहमति बनी। स्वास्थ्य महानिदेशक को 30 तक विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) से संबंधित पत्रावलियां शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
संघ की ओर से चिकित्सा सेवा नियमावली-2000 में संशोधन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। हालांकि, इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका। नियमावली में संशोधन की मांग पर नए सिरे से प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। डेंटल संवर्ग के लंबित सुनिश्चित कैरियर प्रोन्नयन (एसएसीपी) के मामलों पर भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने इन मामलों की सूची 10 दिन के भीतर महानिदेशालय से शासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की सचिव ऋतु माहेश्वरी, निदेशक प्रशासन निधि बंसल, महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. पवन कुमार अरुण सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- पहली कैबिनेट में 10 लाख नौकरियां, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और बेटियों को सोना; अखिलेश के घोषणा पत्र में क्या-क्या?
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की ओर से अध्यक्ष डा. यशवीर सिंह, लखनऊ इकाई के डा.रूपेन्द्र कुमार, महासचिव डा. शरद वैश्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने चिकित्सकों की पदोन्नति, सेवा शर्तों और लंबित वित्तीय लाभों से जुड़े मुद्दे उठाए।