विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में निवेश का नया मॉडल, GBC-5 के लिए 7.55 लाख करोड़ की 7000 परियोजनाओं का रोडमैप तैयार

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:28 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 के लिए 7.55 लाख करोड़ रुपये की 7000 परियोजनाओं की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

HighLights

  1. जीबीसी-5 में 7.55 लाख करोड़ की 7000 परियोजनाएं तैयार।

  2. सीएम योगी ने समयबद्ध स्वीकृतियां और भूखंड आवंटन के निर्देश दिए।

  3. डाटा सेंटर, ऊर्जा, रियल एस्टेट में बड़ा निवेश प्रस्तावित।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 के लिए 7.55 लाख करोड़ रुपये की सात हजार परियोजनाएं तैयार की जा चुकी हैं। जीबीसी में इन परियोजनाओं को लेकर भूमि पूजन किया जाएगा। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जीबीसी के लिए तैयार परियोजनाओं से जुड़ी सभी प्रकार की स्वीकृतियां समयबद्ध तरीके से निवेशकों को दी जाएं। साथ ही भूखंडों के आवंटन का काम जीबीसी से पहले पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लोक भवन में जीबीसी की तैयारियों की समीक्षा की। इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित परियोजनाओं में विभिन्न विभागों के माध्यम से लगभग साढ़े तीन हजार परियोजनाएं, जिला स्तर पर निवेश सारथी पोर्टल से जुड़ी साढ़े तीन हजार से अधिक परियोजनाएं तथा इन्वेस्ट यूपी के माध्यम से 100 से अधिक बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

पश्चिमांचल में लगभग 4.75 लाख करोड़ रुपये, पूर्वांचल में 1.2 लाख करोड़ रुपये से अधिक, मध्यांचल में 80 हजार करोड़ रुपये और बुन्देलखंड में 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। बड़ी परियोजनाओं में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली लगभग 90 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा डाटा सेंटर क्षेत्र में लगभग 1.8 लाख करोड़ रुपये, ऊर्जा क्षेत्र में 1.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक और रियल एस्टेट में 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक धनराशि के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीबीसी केवल निवेश परियोजनाओं को शुरू करने का अवसर नहीं है। यह प्रदेश में रोजगार, उत्पादन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं को जीबीसी-5 में शामिल किया जा रहा है, उनकी तैयारियों और आवश्यक अनुमतियों की निगरानी की जाए। निवेशकों के साथ नियमित संवाद किया जाए।

आठ हजार परियोजनाओं का संचालन शुरू

जीबीसी-5 से पहले आयोजित की जा चुकी चार जीबीसी में 16 हजार से अधिक परियोजनाओं में 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित था। इनमें आठ हजार से अधिक परियोजनाएं संचालन में आ चुकी हैं।

यह भी पढ़ें- UP में झांसी-जेवर समेत इन लिंक एक्सप्रेसवे पर अक्टूबर में ही शुरू होगा काम, CM योगी ने UPEIDA अधिकारियों को दिए आदेश

एक्सप्रेसवे के किनारे स्थापित होंगे ट्रामा सेंटर

मुख्यमंत्री ने परिवहन व यातायात विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न एक्सप्रेस-वे के पास निजी क्षेत्रों के सहयोग से ट्रामा सेंटर स्थापित किए जाएं। उन्होंने हाल के दिनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की तकनीकी जांच के निर्देश भी दिए।