यूपी में मेडिकल स्टोरों पर मनमानी रोकने के लिए FSDA की जांच शुरू, दवाओं के रेट और स्टॉक की होगी पड़ताल
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने उत्तर प्रदेश के मेडिकल स्टोरों पर दवाओं की दरों, स्टॉक और खरीद-बिक्री मूल्य के प्रदर्शन की जांच के लिए अभियान शुरू किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
FSDA ने यूपी के मेडिकल स्टोरों पर जांच अभियान शुरू किया।
दवाओं की दरें, स्टॉक और खरीद-बिक्री मूल्य की होगी पड़ताल।
वेबसाइट पर जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य, मरीजों को लाभ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध दवाओं की दरें (रेट), स्टाक और खरीद-विक्रय मूल्य प्रदर्शित करने के लिए वेबसाइट तैयार करने और दुकानों के बाहर बोर्ड लगाने के आदेशों के पालन समय सीमा पूरी होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने जांच अभियान शुरू कर दिया है।
इसके तहत प्रदेशभर के मेडिकल स्टोरों और नर्सिंग होम के अंदर संचालित फार्मेसियों की जांच की जा रही है। चार दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में दवा दुकानों की वेबसाइट पर प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) सहित निर्धारित जानकारियों की उपलब्धता भी जांची जाएगी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की आयुक्त डा. रोशन जैकब ने सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अपने तैनाती वाले जिलों में अस्पताल फार्मेसियों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर उन फार्मेसियों पर निगरानी रखी जाएगी, जहां भर्ती मरीजों के पास दवाएं और मेडिकल डिवाइस खरीदने का विकल्प सीमित है या उपलब्ध नहीं है।
लिंक कराना होगा उपलब्ध
आयुक्त ने अक्टूबर में जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल आर्डर-2013 का उल्लेख करते हुए प्रत्येक खुदरा और थोक विक्रेता को निर्माता या आयातक की ओर से उपलब्ध कराई गई मूल्य सूची कारोबार स्थल पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत दवा दुकानों को वेबसाइट पर फार्मेसी का विवरण, लाइसेंस संबंधी जानकारी और कार्यरत फार्मासिस्ट का नाम, पंजीकरण संख्या व फोटो सार्वजनिक करना है।
साप्ताहिक स्टाक का विवरण भी उपलब्ध कराना होगा। वेबसाइट नियमित रूप से अपडेट करने के साथ उसका यूआरएल काउंटर पर प्रदर्शित करना अनिवार्य है। ग्राहकों की सुविधा के लिए ऐप और क्यूआर कोड से भी वेबसाइट का लिंक उपलब्ध कराना होगा।
एफएसडीए की पूर्ववर्ती कार्रवाई में सामने आया था कि कुछ दवाएं निर्माता, मार्केटर और स्टाकिस्ट अस्पताल फार्मेसियों को एमआरपी से काफी कम कीमत पर उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन इस छूट का लाभ मरीजों तक पहुंच रहा है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं था।
कुछ दवाओं की एमआरपी खरीद मूल्य से कई गुना अधिक मिली थी। अलग-अलग खरीदारों के लिए एक ही दवा की एमआरपी और मूल्य संबंधी विवरण में असामान्य अंतर से दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता पर भी सवाल उठ सकते हैं।
यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर घटी वाहनों की रफ्तार, अब 100 km/hr की स्पीड से फर्राटा नहीं भरेंगी गाड़ियां; नया नियम लागू
इससे संदिग्ध या नकली दवाओं की आशंका की जांच जरूरी हो जाती है। विभाग का मानना है कि कीमतों की जानकारी सार्वजनिक होने से ऐसी विसंगतियों की पहचान और संदिग्ध औषधियों की जांच में मदद मिलेगी।
इससे मरीजों के आर्थिक हितों की रक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण और प्रामाणिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।