यूपी में बैराजों से पानी छोड़े जाने से उफान पर नदियां, हादसों में हुई 5 लोगों की मौत
बैराजों से पानी छोड़े जाने और बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में सरयू, शारदा, घाघरा, रामगंगा और गंगा नदियां उफान पर हैं, जिससे फर्रुखाबाद सहित कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। बाढ़ से संबंधित हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है और मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ रही है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बैराजों से पानी छोड़े जाने से नदियां उफान पर।
बाढ़ और हादसों में अब तक पांच लोगों की मौत।
25 जिले बाढ़ से प्रभावित, राहत कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बैराजों से पानी छोड़े जाने और बारिश के कारण सरयू, शारदा, घाघरा, रामगंगा और गंगा नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में गंगा नदी खतरे के निशान से महज 10 सेंटीमीटर नीचे बह रही है, जहां तेज कटान के कारण 16 पक्के मकान और नौ झोपड़ियां नदी के तेज बहाव में बह गईं। इसके अलावा बाराबंकी, बहराइच, लखीमपुर, गोंडा और अंबेडकरनगर सहित कई जिलों में बाढ़ का पानी रिहायशी इलाकों और खेतों में घुस गया है।
बाराबंकी में 54 गांव बाढ़ से सीधे प्रभावित हैं, वहीं बहराइच के 15 गांव पानी से पूरी तरह घिर चुके हैं। निचले इलाकों के लोग अपना सामान समेटकर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाने को मजबूर हैं। लखीमपुर और श्रावस्ती के तटीय इलाकों में कटान और जलभराव से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बाढ़ और भारी बारिश के बीच कई हादसे भी सामने आए हैं। गोंडा के भौरीगंज स्थित सरयू घाट पर स्नान करने गईं दो सगी बहनों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। उधर, बदायूं में भी रामगंगा के बाढ़ के पानी में फिसलकर डूबने से एक व्यक्ति की जान चली गई।
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मुरादाबाद, अमरोहा और बदायूं में कई कच्चे मकान ढह गए, जिसमें दबकर एक किसान की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जालौन में नाले में नहाते समय किशोर की डूबने से जान चली गई।
पूर्वांचल के वाराणसी, बलिया, मऊ, उन्नाव और गाजीपुर जिलों में भी नदियां चेतावनी व खतरे के निशान के आसपास बनी हुई हैं। उन्नाव में गंगा चेतावनी बिंदु से 49 सेंटीमीटर ऊपर बह रही हैं। हालांकि वाराणसी और गाजीपुर में जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन सड़कों-गलियों में फैली गाद और कीचड़ से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
बांदा जिले में बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का सर्वे करने के दौरान ग्रामीणों से अवैध वसूली करने के आरोप में एसडीएम ने एक महिला लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन और आबकारी व राजस्व विभाग की टीमें तटीय इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
50 जिलों में कमजोर पड़ा मानसून, 15 जिलों में मध्यम से भारी वर्षा का अलर्ट
प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर कमजोर पड़ने लगी है। करीब 50 जिलों में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ने के बाद अब अधिकांश स्थानों पर छिटपुट बारिश के ही आसार हैं। हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वर्षा में कमी आने से दिन में उमस और गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है। लखनऊ में रविवार को सुबह से हल्के बादल छाने के साथ धूप निकली, जिससे तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी में दिन का पारा 32.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पिछले दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में हुई तेज बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदला है। कई जिलों में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं। आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की स्थिति एक समान नहीं रहेगी। कहीं बादल छाए रहेंगे और धूप होगी तो कुछ स्थानों पर हल्की बौछार पड़ सकती है।
सोमवार को बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गोंडा औरी बलरामपुर के साथ पश्चिम के करीब एक दर्जन जिलों में मध्यम से भारी बरसात हो सकती है।
हालांकि, मंगलवार से पूरब से लेकर पश्चिमी जिलों में मौसम शुष्क रहने के पूर्वानुमान हैं। रविवार को बरेली में प्रदेश में सबसे अधिक 141.3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बिजनौर में 134 मिमी और मुरादाबाद में 114 मिमी वर्षा हुई। ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन पारा सामान्य से नीचे बना रहा।
बाढ़ से प्रभावित हैं 25 जिले
राज्य में 25 जिले अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। वहीं 12 जिलों में बाढ़ से राहत मिली है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार 19,454 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है, जबकि रविवार को 8,264 लोगों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से निकाला गया। सरकार की तरफ से बाढ़ प्रभावित जिलों में अब तक 5.94 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.03 लाख से ज्यादा राहत किट वितरित की गई हैं।
राहत आयुक्त डॉ.हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, रामपुर, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी में अब भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
रेस्क्यू अभियान में अब तक 2,075 नावों व मोटरबोट का इस्तेमाल किया गया है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में अब तक 1,315 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। इनमें 6,698 लोग रह रहे हैं। रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 63,955 लंच पैकेट और 11,249 खाद्यान्न पैकेट वितरित किए गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।