यूपी टी-20 लीग के फाइनल में बना नया रिकॉर्ड, इकाना स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे 30 हजार से अधिक दर्शक
यूपी टी-20 लीग के फाइनल में इकाना स्टेडियम में 30 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे, जो लीग के इतिहास में ...और पढ़ें
-1788719764958_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
इकाना स्टेडियम में 30 हजार से अधिक दर्शक पहुंचे।
चौके-छक्के पर गूंजा शोर, दर्शकों का उत्साह चरम पर।
रिंकू, जीशान, भुवनेश्वर ने बढ़ाया दर्शकों का आकर्षण।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। यूपी टी-20 लीग का फाइनल मुकाबला रविवार को क्रिकेट प्रेमियों को बड़ी संख्या में इकाना स्टेडियम तक खींच लाया। लखनऊ और मेरठ के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले को देखने के लिए 30 हजार से अधिक दर्शक स्टेडियम पहुंचे। यूपी टी-20 लीग के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी देखने को मिली। हर चौके-छक्के पर गूंजते शोर ने फाइनल के रोमांच को कई गुना बढ़ा दिया।
रविवार को यह मुकाबला शाम साढ़े सात बजे शुरू होना था, लेकिन दोपहर साढ़े तीन बजे से ही क्रिकेट प्रेमियों स्टेडियम के बाहर जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। शाम होते-होते स्टेडियम के सभी लोअर स्टैंड दर्शकों से भर गए। लखनऊ और मेरठ के बीच खिताबी जंग को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। हाथों में दोंनों झंडे और खिलाड़ियों के पोस्टर लिए प्रशंसक अपनी पसंदीदा टीम का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
रिंकू सिंह, जीशान और भुवनेश्वर बने आक्रर्षण
फाइनल मुकाबले के दौरान जैसे ही कोई चौका या छक्का लगता, पूरा स्टेडियम तालियों और शोर से गूंज उठता। शानदार कैच और विकेट गिरने पर भी दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दोनों टीमों के समर्थक लगातार अपनी-अपनी टीम के पक्ष में नारेबाजी करते रहे। मैच के दौरान स्टेडियम का माहौल किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जैसा नजर आया।
रंग-बिरंगी जर्सियों में पहुंचे प्रशंसकों ने फाइनल के रोमांच को और बढ़ा दिया। दर्शकों की भारी संख्या ने यह साबित कर दिया कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून लगातार बढ़ रहा है। फाइनल मुकाबले में उमड़ी दर्शकों की भीड़ के पीछे स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह, लोकल फिरकी गेंदबाज जीशान अंसारी और भारतीय टीम के स्विंग मास्टर भुवनेश्वर कुमार रहे।
फाइनल ने बढ़ाया लीग का क्रेज
यूपी टी-20 लीग के मुकाबलों में इस बार दर्शकों की रुचि लगातार देखने को मिली, लेकिन फाइनल मुकाबले में रिकार्ड संख्या में दर्शकों के पहुंचने से लीग की लोकप्रियता को नई पहचान मिली है। 30 हजार से अधिक दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजकों और खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया।
फाइनल मुकाबले में लखनऊ और मेरठ जैसी मजबूत टीमों के आमने-सामने होने से रोमांच चरम पर था।राजधानी के क्रिकेट प्रेमियों ने रविवार को एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों के लिए इकाना स्टेडियम उनका पसंदीदा ठिकाना है। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने मैच के दौरान खिलाड़ियों का जमकर उत्साहवर्धन किया। स्टेडियम के बाहर भी मैच को लेकर अलग ही माहौल देखने को मिला।
