क्या 26 जनवरी के बाद ही यूपी में लगेगी आचार संहिता? CM योगी के बयान के बाद अटकलें तेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 26 जनवरी तक एक लाख सरकारी नौकरी देने के लक्ष्य ने विधानसभा चुनाव आचार संहिता लागू होने की तारीख पर अटकलें तेज कर दी हैं।
-1794415717341_m.webp)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी का 26 जनवरी तक 1 लाख नौकरी का लक्ष्य।
चुनाव आचार संहिता की तारीख पर योगी के बयान से अटकलें।
चुनाव आयोग जनवरी के दूसरे सप्ताह तक कार्यक्रम घोषित करेगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में 26 जनवरी तक एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य घोषित किया।
उनके इस बयान के बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के समय को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या इस बार चुनाव कार्यक्रम की घोषणा और आचार संहिता 26 जनवरी के बाद लागू होगी?
दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त की ओर से समय से चुनाव कराने का संकेत पहले से दिया जा चुका है। इससे यह माना जा रहा है कि आयोग जनवरी के दूसरे सप्ताह तक विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर सकता है। ऐसे में मुख्यमंत्री की ओर से 26 जनवरी तक एक लाख युवाओं को नौकरी देने की समय सीमा तय किए जाने को चुनाव की संभावित तारीखों से जोड़कर देखा जा रहा है।
क्या हैं आचार संहिता को लेकर अटकलें?
कार्यक्रम स्थल पर ही कुछ अधिकारियों के बीच इस बात की भी चर्चा रही कि इस बार चुनाव तीन चरणों में कराए जा सकते हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो जाती है। फिर नई योजनाओं की घोषणा और नियुक्तियों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नहीं हो सकतेजो। ऐसे में मुख्यमंत्री के 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र वितरण के लक्ष्य को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकार चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से पहले विभिन्न विभागों में चल रही भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा कर अधिक से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देना चाहती है। हालांकि, अभी चुनाव कार्यक्रम या आचार संहिता लागू होने की तारीख को लेकर निर्वाचन आयोग की ओर से कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। चुनाव की तारीखें और चरणों की संख्या तय करना पूरी तरह निर्वाचन आयोग का अधिकार है।
आयोग सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सूची, परीक्षा कार्यक्रम, मौसम और अन्य प्रशासनिक तैयारियों को ध्यान में रखकर चुनाव कार्यक्रम घोषित करता है। उप्र में वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम आठ जनवरी को घोषित किया गया था। तब 10 फरवरी से सात मार्च तक सात चरणों में मतदान हुआ था।
यह भी पढ़ें- 'अब 80-20 नहीं, यूपी में 95 बनाम 5 प्रतिशत की लड़ाई', प्रदेश की की राजनीति पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान
10 मार्च को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए गए थे। इसके बाद 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। विधानसभा की पहली बैठक 23 मई 2022 को हुई थी। इसी आधार पर मौजूदा विधानसभा का पांच वर्ष का कार्यकाल 22 मई को पूरा हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।