उत्तर प्रदेश में नशा सौदागरों ने बदला तरीका, गुलाब जल और धूपबत्ती कारखानों में चल रहीं लैब
नशे के कारोबारियों ने ऑपरेशन वज्र की सख्ती के बाद सिंथेटिक ड्रग बनाने के नए तरीके अपनाए हैं, जिसमें गुलाब जल और धूपबत्ती की फैक्ट्रियों का इस्तेमाल हो रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नशा सौदागरों ने सिंथेटिक ड्रग बनाने के तरीके बदले।
गुलाब जल, धूपबत्ती फैक्ट्रियों में चल रही ड्रग लैब।
सार्वजनिक परिवहन से हो रही ड्रग की आपूर्ति।
आदित्य तिवारी, लखनऊ। नशे का नेटवर्क ध्वस्त करने के लिए ऑपरेशन वज्र के तहत एकजुट हुईं जांच एजेंसियों की सख्ती से नशे के कारोबारियों ने सिंथेटिक ड्रग तैयार करने और आपूर्ति के नए व वैकल्पिक तौर तरीके अपनाने शुरू कर दिए हैं।
हाल के दिनों में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) और स्थानीय जांच एजेंसियों की छापेमारी में इसकी पुष्टि हुई है। कहीं गुलाब जल की फैक्ट्री की आड़ में सिंथेटिक ड्रग (मेफेड्रोन आदि) तैयार की जा रही है तो कहीं धूपबत्ती बनाने की फैक्ट्री में। दूसरे राज्यों में इनकी आपूर्ति का तरीका भी बदला नजर आ रहा है।
दो दिन पहले नोएडा जीरो प्वाइंट पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस से 2.974 किलो क्रिस्टल मेथ बरामद हुई है। यानी इनकी आपूर्ति के लिए अब सार्वजनिक परिवहन का सहारा लिया जा रहा है।
दो लोगों को किया गया गिरफ्तार
29 अक्टूबर को जालौन के ऐरी रमपुरा क्षेत्र में डीआरआइ और एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई कर सिंथेटिक ड्रग मेफेड्रोन बनाने की एक लैब पकड़ी। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। यहां से 15.44 किलो मेफेड्रोन मिली। बड़ी मात्रा में अर्ध प्रसंस्कृत रसायन, अन्य पदार्थ व उपकरण मिले जिनसे सिंथेटिक ड्रग तैयार किया जा रहा था।
पता चला कि यह लैब गुलाब जल तैयार करने वाली फैक्ट्री में चल रही थी। इसके दस दिन बाद आठ नवंबर को मऊ जिले के ताजोपुर औद्योगिक क्षेत्र में भी मेफेड्रोन बनाने की इसी तरह की एक अन्य लैब पकड़ी गई जो धूपबत्ती बनाने की एक फैक्ट्री में चल रही थी।
यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश सीबीएन की संयुक्त टीमों ने की थी। यहां से 11.7 किलो मेफेड्रोन विभिन्न चरणों में प्रसंस्कृत मिला। रसायन और लैब उपकरण भी जब्त किए गए तथा दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।
गुलाब जल बनाने की इकाई की आड़ में हो रहा उत्पादन
दो जिलों में एक ही मॉडल पर संचालित गोपनीय लैब मिलने से आशंका बढ़ गई है कि अन्य जिलों में भी इस तरह से सिंथेटिक ड्रग तैयार किया जा रहा हो सकता है। गुलाब जल बनाने की इकाई की आड़ में चल रहे इस कारोबार ने सामान्य औद्योगिक गतिविधियों के बीच अवैध उत्पादन की चुनौती उजागर की।
एजेंसियां अब इस अवैध कारोबार में उत्पादन, निवेश, रसायनों की आपूर्ति और तैयार माल के वितरण नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। इस बीच डीआरआइ की नोएडा क्षेत्रीय इकाई ने 19 नवंबर को यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में एक यात्री दिल्ली निवासी रवि कुमार को पकड़ा।
उसके ट्राली बैग से 2.974 किलो क्रिस्टल मेथ बरामद हुई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई। यह मामला सार्वजनिक परिवहन के जरिये नशीले पदार्थों की आवाजाही के नए तरीकों की ओर भी संकेत करता है। सेवानिवृत्त डीजीपी अरविंद कुमार जैन का कहना है कि नशे का कारोबार नए तौर-तरीकों से आगे बढ़ रहा है।
किसी लैब या खेप को पकड़ना कार्रवाई का एक हिस्सा है, लेकिन उसके संचालकों, फंडिंग करने वालों, सप्लायरों और खरीदारों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना जरूरी है। दूसरी चुनौती युवाओं को नशे का ग्राहक बनने से बचाना है। अब एजेंसियों के लिए नेटवर्क तोड़ने के साथ युवाओं को इसकी गिरफ्त में जाने से बचाना भी अहम होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।