यूपी के पहले गारमेंट पार्क में लगी फैक्ट्रियां, गीडा में 101 इंडस्ट्रियल प्लॉट तैयार; महिला-युवाओं को मिलेगी नौकरी
गीडा के गारमेंट पार्क में फैक्ट्रियां शुरू हो गई हैं, जिसमें स्थानीय उद्यमी ने निवेश किया है। यह पार्क 101 औद्योगिक भूखंडों के साथ पूर्वांचल में रेडीमेड कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गीडा गारमेंट पार्क में फैक्ट्रियां शुरू, स्थानीय उद्यमी निवेश कर रहे।
101 औद्योगिक भूखंड तैयार, पूर्वांचल में कपड़ा उद्योग को बढ़ावा।
महिलाओं और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्वांचल में रेडीमेड कपड़ा उद्योग को नई पहचान देने की दिशा में गीडा का गारमेंट पार्क अब धरातल पर उतरता नजर आने लगा है। दूसरे शहरों में कारोबार कर रहे स्थानीय उद्यमियों का अपने जिले में निवेश के लिए आगे आना इस परियोजना की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो रहा है।
गोरखपुर के उद्यमी अशोक प्रसाद ने यहां अपनी औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की पहल की है। इसके अलावा आकाश यादव ने भी अपनी फैक्ट्री लगाई है। दोनों उद्यमियों के निवेश से पार्क में गतिविधियां बढ़ेंगी और आने वाले समय में बड़े पैमाने पर रेडीमेड कपड़ों का उत्पादन शुरू होने का रास्ता खुलेगा।
खास बात यह है कि कोलकाता में गारमेंट फैक्ट्री संचालित कर रहे अशोक प्रसाद अब अपने शहर में ही उद्योग लगाने जा रहे हैं। उनकी इकाई के लिए 100 सिलाई मशीनें गोरखपुर पहुंच चुकी हैं।
गारमेंट पार्क में
101 औद्योगिक भूखंड तैयार
गीडा के सेक्टर-26, भीटी रावत में पांच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित प्रदेश के पहले गारमेंट पार्क में 101 औद्योगिक भूखंड तैयार किए गए हैं। इस परियोजना का मकसद छोटे-बड़े उद्यमियों को एक ही स्थान पर वस्त्र निर्माण से जुड़ी औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अब तक इस क्षेत्र में बड़े औद्योगिक निवेश के अवसर सीमित होने के कारण उद्यमियों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था। गारमेंट पार्क इस स्थिति को बदलने की क्षमता रखता है। दो नई इकाइयों की तैयारी इसी बदलाव का संकेत है।
101 भूखंडों में तैयार हो रही है रेडीमेड गारमेंट की पूरी उत्पादन श्रृंखला
गारमेंट पार्क की उपलब्धि सिर्फ भूखंड विकसित करने तक सीमित नहीं है। यहां रेडीमेड कपड़ा उद्योग की पूरी उत्पादन श्रृंखला को एक साथ जोड़ने की योजना है। सोना इंडस्ट्रीज, मनोरमा इंडस्ट्रीज, पूर्णिमा इंडस्ट्रीज, क्लाथ आर्ट वर्ल्ड और सम्यक एंटरप्राइजेज जैसी इकाइयों के लिए भी यहां औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं हैं। इससे अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले उद्यमियों को एक साझा औद्योगिक वातावरण मिलेगा।
कटाई, सिलाई, डिजाइनिंग से पैकेजिंग तक एक ही जगह
गारमेंट पार्क में कपड़ों की कटाई, सिलाई, डिजाइनिंग, कढ़ाई, प्रिंटिंग, फिनिशिंग और पैकेजिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। इससे तैयार कपड़ों के उत्पादन की अलग-अलग प्रक्रियाएं एक ही परिसर में पूरी हो सकेंगी। कपड़ा, धागा, बटन, पैकेजिंग और परिवहन से जुड़े कारोबारों को भी इसका लाभ मिलेगा। स्थानीय उद्यमियों के लिए उत्पादन लागत घटाने और बाजार तक पहुंच आसान बनाने का अवसर पैदा होगा।
महिलाओं और युवाओं को मिलेगा काम
गीडा एसीईओ रामप्रकाश ने कहा कि रेडीमेड गारमेंट उद्योग रोजगार की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सिलाई मशीन संचालन, कटिंग, कढ़ाई, डिजाइनिंग, गुणवत्ता जांच और पैकेजिंग में बड़ी संख्या में कुशल और अर्द्धकुशल कामगारों की जरूरत होती है। ऐसे में फैक्ट्रियों के संचालन से महिलाओं और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। खासकर महिलाओं को घर के आसपास काम मिलने से आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ेंगे।
पांच एकड़ में 101 भूखंडों का विकास और स्थानीय उद्यमियों का निवेश के लिए आगे आना इस परियोजना की प्रगति को दर्शाता है। आने वाले समय में यहां उत्पादन इकाइयों की संख्या बढ़ने के साथ गोरखपुर पूर्वांचल में रेडीमेड कपड़ा निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर सकता है। -विशाल कुमार, सीईओ , गीडा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।