यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, जिला और शहरी अध्यक्षों को आज देगी चुनाव प्रबंधन का मंत्र
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज किया है।

यूपी कांग्रेस की नवनिर्वाचित अध्यक्ष अराधना मिश्रा ‘मोना’।
HighLights
कांग्रेस ने 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी शुरू की।
जिला व शहर अध्यक्षों को चुनाव प्रबंधन का मंत्र मिलेगा।
आइएनडीआइए गठबंधन प्रत्याशियों को मजबूती से समर्थन देने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है, लेकिन कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों का औपचारिक आगाज करने का फैसला कर लिया है। पार्टी शुक्रवार से प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारियों को धार देगी।
इसे लेकर शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम व अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित अन्य वरिष्ठ नेता सभी जिला व शहर अध्यक्षों तथा फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों को चुनावी प्रबंधन का मंत्र देंगे।
गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष तनुज पुनिया ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारी करेगी।
हमारा लक्ष्य आइएनडीआइए गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को मजबूती से समर्थन देना है। कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका फैसला गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उनके इस बयान से फिलहाल जिला और शहर अध्यक्षों के साथ फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों में बदलाव की संभावना कम नजर आ रही है।
हालांकि प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन अभी बाकी है। शुक्रवार को होने वाली बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता जिला व शहरी अध्यक्षों को भाजपा के खिलाफ प्रभावी चुनावी रणनीति बनाने को लेकर मार्गदर्शन करेंगे।
वहीं, चुनावी तैयारियों के तहत कांग्रेस के मीडिया, इंटरनेट मीडिया, विधि विभाग और कनेक्ट सेंटर के पदाधिकारियों की कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी। इसमें एआइसीसी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा तथा प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रभारी अभय दुबे शामिल होंगे। कार्यशाला में पार्टी की बात लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और मीडिया से संवाद बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
मछुवा एकता संघ ने अध्यक्ष ने थामा कांग्रेस का दामन
मछुवा समाज एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कुमार बिन्द एवं राष्ट्रीय महासचिव विन्द्रेश निषाद ने गुुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस का दामन थामा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।