विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश में आदिवासी वोट बैंक साधने की भाजपा कांग्रेस में होड़

By Dhananjay Pratap SinghEdited By: Ravindra Soni
Published: Fri, 13 Nov 2026 01:31 AM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही आदिवासी समुदाय का समर्थन हासिल करने के लिए होड़ कर रहे हैं, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. भाजपा 15 नवंबर को भव्य जनजातीय गौरव दिवस मनाएगी।

  2. आदिवासी वोट बैंक मध्य प्रदेश में सत्ता का मार्ग तय करता है।

  3. कांग्रेस उमंग सिंघार को आगे कर आदिवासियों से संवाद कर रही।

धनंजय प्रताप सिंह, भोपाल। मध्य प्रदेश में सत्ता की जड़ें सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में हैं। यहां के लोगों का साथ मिला तो सत्ता, बेरुखी रही तो वनवास भी तय समझिए। वर्ष 1990 से अब तक के आंकड़े यही रास्ता दिखाते हैं, तो भाजपा और कांग्रेस के बीच होड़ लगी है कि आदिवासी वर्ग को 2028 तक कौन कितना ज्यादा अपने पाले में कर सकता है।

इसी रास्ते पर आगे बढ़ते हुए भाजपा जनजातीय गौरव बिरसा मुंडा की जन्म जयंती (15 नवंबर) को इस साल भी भव्यता से मनाने की तैयारी कर चुकी है। एक सप्ताह के आयोजनों में 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार व जोबट और 16 को खंडवा में राज्यस्तरीय कार्यक्रम होंगे। इधर, कांग्रेस भी आदिवासी क्षेत्रों में पकड़ मजबूत करने के लिए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को आगे रखे हुए है। वह आदिवासी समुदाय से संवाद कर रही है।

मप्र-छग में अमूमन एक जैसा ट्रेंड

आमतौर पर छत्तीसगढ़ में भी यही ट्रेंड चलता है। वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की सरकार बनी और आदिवासी वर्ग पूरे 15 वर्ष दोनों राज्यों में भाजपा के साथ रहा। 2018 में जब विधानसभा चुनाव हुए तो किसानों की कर्जमाफी सहित कई ऐसे मुद्दे थे, जिनके कारण आदिवासी वर्ग पुन: कांग्रेस के साथ चला गया। परिणाम यह हुआ कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में कांग्रेस की सरकार बन गई।

आदिवासियों के समर्थन से खुलती सत्ता की राह

अविभाजित मध्य प्रदेश के दौर में वर्ष 1990 में आदिवासी समुदाय ने भाजपा की तरफ रुझान किया, तो सुंदरलाल पटवा को सरकार बनाने का मौका मिला लेकिन इसके बाद आदिवासी समुदाय का समर्थन कांग्रेस को मिला और 10 साल तक दिग्विजय सिंह ने सरकार चलाई। छत्तीसगढ़ अलग होने के बाद वर्ष 2003 के चुनाव में आदिवासी समुदाय ने भाजपा का साथ दिया और उमा भारती ने प्रदेश की कमान संभाली।

आंकड़ों में देखें तो वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में एसटी वर्ग के लिए सुरक्षित 47 में से 31 सीटों पर भाजपा विधायक थे। भाजपा सरकार से मोहभंग होने के चलते 2018 के चुनाव में भाजपा के पास सिर्फ 16 आदिवासी विधायक बचे, जबकि कांग्रेस के 15 से बढ़कर 30 हो चुके थे। आदिवासी समुदाय का साथ मिलने से कमल नाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी।

आदिवासियों को साधने किए जतन

भाजपा को सबक मिल चुका था, इसलिए जब 2020 में कांग्रेस की कमल नाथ सरकार गिरने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की कमान संभाली तो आदिवासी समुदाय के लिए कई तरह की कोशिशें शुरू कर दी गईं। बिरसा मुंडा की जन्म जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भोपाल आकर की।

इधर, तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पेसा कानून सहित अन्य अधिकार आदिवासी समुदायों को दिए। इसके नतीजे सकारात्मक रहे और वर्ष 2023 के चुनाव में भाजपा की सरकार बन गई। अभी भाजपा के पास 24 आदिवासी विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 22 आदिवासी विधायक। दोनों दलों का उत्साह यही आंकड़े बढ़ा रहे हैं।

सत्ता-संगठन में आदिवासियों का प्रतिनिधित्व

पीएम मोदी के नेतृत्व की केंद्र सरकार में जहां दुर्गादास उईके और सावित्री ठाकुर को जगह मिली है, वहीं भाजपा की राष्ट्रीय टीम में भी मध्य प्रदेश के आदिवासी नेताओं को जगह दी गई है। खरगोन-बड़वानी सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव गजेंद्र सिंह पटेल को आदिवासी क्षेत्रों में समुदाय की समस्याओं और जरूरत की जानकारी एकत्र करने का जिम्मा दिया गया है।

इनके समाधान के लिए मोहन सरकार तैयारी कर रही है। इधर, आदिवासी समुदाय में नया नेतृत्व तैयार करने के लिए हिमाद्री सिंह और संपतिया उइके जैसे चेहरों को भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आदिवासी समुदाय के लगभग 500 जनप्रतिनिधियों को अपने निवास पर आमंत्रित कर चर्चा की और उन्हें मिशन 2028 के मुताबिक सक्रिय होने को कहा है।

डॉ. मोहन यादव आदिवासी क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने के साथ अपना दौरा भी इन क्षेत्रों में लगातार करते हैं। कांग्रेस की तैयारी के जवाब में डॉ. मोहन यादव जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय कर रहे हैं। साथ ही, सरकार के स्तर पर आदिवासी समुदाय को समाज की मुख्यधारा में लाने की कवायद में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें- 2028 विधानसभा चुनाव से पहले बदल जाएगा मध्यप्रदेश का भूगोल, 45 साल बाद नए सिरे से तय होंगी जिलों की सीमाएं

आदिवासी जेन-जी पीढ़ी पर भी फोकस

आदिवासियों की जेन-जी पीढ़ी पर भी भाजपा का ध्यान है। यह पीढ़ी जयस जैसे संगठनों से जुड़ी हुई है। ऐसे में भाजपा स्कूल-कॉलेज में इनसे संवाद करेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के भव्य आयोजन से भाजपा के लिए मिशन 2028 के लिहाज से आदिवासी वर्ग को जोड़ने की सांकेतिक रूप में शुरुआत कर दी है।

संगठन से लेकर सरकार तक की तैयारी इस बार आदिवासी वर्ग को पूरी तरह अपने साथ करने की दिखाई दे रही है। इसमें मोहन यादव को कितनी सफलता मिलती है, यह 2028 के चुनाव परिणाम ही बताएंगे।

-लेखक नईदुनिया/नवदुनिया, मध्य प्रदेश में डिप्टी पॉलिटिकल एडिटर हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।