चंद्रशेखर-ओवैसी ने मिलाया हाथ, दलित-मुस्लिम समीकरण पर नए गठबंधन से किसे नफा-किसे नुकसान?
एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने उत्तर प्रदेश में दलित-मुस्लिम समीकरण पर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है।
-1794486677782_v-1794536740058_m.webp)
चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन से बिगड़ेगा सपा का समीकरण। फोटो- PTI।
HighLights
एआईएमआईएम-आजाद समाज पार्टी ने बनाया 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा'।
चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित, सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव।
26 नवंबर को लखनऊ में बड़ी रैली का आयोजन।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण गढ़ने की शुरुआत हो गयी है। गुरुवार को दलित-मुस्लिम समीकरण पर एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) बनाने का एलान किया।
साथ ही सांसद चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करते हुए सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई। शक्ति प्रदर्शन के लिए 26 नवंबर को मोर्चा के बैनर तले लखनऊ में बड़ी रैली होगी।
गुरुवार को होटल दयाल पैराडाइज में संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने तीखे अंदाज में कहा कि अखिलेश यादव, भाजपा को कभी नहीं रोक सकते, उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है।
एआईएमआईएम को भाजपा की बी टीम बताये जाने पर सवाल किया कि किसी दल से गठबंधन गलत है तो सपा ने गठबंधन कर मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में चुनाव क्यों लड़ा?
ओवैसी ने अखिलेश यादव को घेरा
ओवैसी ने अखिलेश को घेरते हुए कहा कि 90 प्रतिशत मुस्लिम वोट लेकर भी भाजपा को हरा नहीं पा रहे हैं। अब मुसलमान दूसरे दलों को ताकत देने के बजाय अपनी राजनीतिक ताकत खड़ी करेंगे।
ओवैसी ने मुजफ्फरनगर दंगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि करीब 50 हजार लोग बेघर हो गए थे। कहा कि आठ महिलाएं अदालत गई थीं, लेकिन सात महिलाएं सुरक्षा न मिलने से डर के कारण पीछे हट गईं।
आजम खान पर भी ओवैसी ने की बात
आजम खान पर ओवैसी ने कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं और उनकी लड़ाई लड़ेंगे। आजम किसकी वजह से जेल में हैं, यह सभी जानते हैं। वह बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के संयोजक रहे हैं। अखिलेश के राम मंदिर जाने पर तंज करते हुए कहा- ''सरकती जाए है रुख से नकाब आहिस्ता-आहिस्ता, निखर कर आ रहा चेहरा आहिस्ता-आहिस्ता।''
ओवैसी ने कहा कि बहुजन-वंचित समाज को केवल वोटर बनाए रखने का दौर खत्म होगा। सरकार बनी तो कक्षा एक से 12वीं तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि इस पर मुस्लिम विधायकों, सांसदों को सवाल पूछना चाहिए।
चंद्रशेखर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा
चंद्रशेखर ने भाजपा पर दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के उत्पीड़न का आरोप लगाया। हाथरस कांड, कासगंज में अल्ताफ की मौत, प्रयागराज में फूलचंद के पूरे परिवार की हत्या और मेरठ में सोनू कश्यप को जिंदा जलाने के मामले उठाए।
शब्बीरपुर प्रकरण में जेल और रिहाई के बाद एनएसए लगाए जाने का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने मुकदमे वापस कराने में सफल रहे, जबकि दलितों को रासुका झेलना पड़ा। चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहती है, ऐसा नहीं होने देंगे।
वर्ष 2014 से 2024 तक के सभी चुनावों में भाजपा को हटाने के अखिलेश के प्रयासों का जिक्र कर कहा कि भाजपा तो और मजबूत होती गई। संभल में मस्जिद गिराए जाने के सवाल पर कहा कि वे मस्जिदों और मजारों की एक-एक इंच जमीन के लिए लड़ाई लड़ेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे पर दोनों नेताओं ने पूछा कि उन्हें आंकड़े कहां से मिले। चुनाव आयोग सभी दलों को मतदाता सूची का ब्योरा दे। दोनों नेताओं ने सपा और कांग्रेस को मोर्चे में आने का न्योता दिया।
चंद्रशेखर ने भाजपा को रोकने के लिए साथ आने वाले दलों का स्वागत करते हुए 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया। बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस पर लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में गठबंधन की बड़ी रैली होगी।
बिगड़ सकता है सपा और बसपा का राजनीतिक समीकरण
बता दें कि अगर यह गठबंधन दलित एवं मुस्लिम वोटों को अपने पक्ष में करने पर आंशिक रूप से भी कामयाब हुआ तो कई सीटों पर सपा-कांग्रेस गठबंधन एवं बसपा के समीकरण उलझेंगे। वहीं, वोटों में बंटवारे का लाभ भाजपा के खाते में जा सकता है। एआईएमआईएम और असपा प्रदेश की राजनीति में अब नए खिलाड़ी नहीं हैं।
200 सीटों पर दिखेगा गठबंधन का असर
विश्लेषकों का कहना है कि 40 से ज्यादा विधान सभा सीटों पर मुस्लिम-दलित वोटों का आंकड़ा 50 प्रतिशत से ज्यादा है, जबकि दो सौ सीटों पर इसका असर दिखेगा। हालांकि दलित वोटों के बीच आज भी बसपा की पकड़ सबसे ज्यादा है, जबकि मुस्लिम वोट सपा के साथ एकतरफा खड़ा होता रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।