उन्नाव से विधानसभा चुनाव लड़े बसपा के कई नेता भाजपा में शामिल, भाजपा को जिताने का संकल्प
UP Assembly Election 2022 भाजपा उत्तर प्रदेश मुख्यालय में बसपा नेता मैकू लाल तथा अनिल सिंह कुरील ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। 2017 में मैकू लाल उन्नाव के बांगरमऊ से और अनिल सिंह कुरील सफीपुर से बसपा के प्रत्याशी थे।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनाव में पहले चरण के मतदान से पहले नेताओं की भगदड़ जारी है। बहुजन समाज पार्टी के उन्नाव के कई नेताओं ने मंगलवार को समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली।
भाजपा उत्तर प्रदेश मुख्यालय में बसपा नेता मैकू लाल तथा अनिल सिंह कुरील ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। 2017 में मैकू लाल उन्नाव के बांगरमऊ से और अनिल सिंह कुरील सफीपुर से बसपा के प्रत्याशी थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी के प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ज्वाइनिंग कमेटी के सदस्य दयाशंकर सिंह के समक्ष बहुजन समाज पार्टी के बांगरमऊ (उन्नाव) से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी, 1989 से बसपा के सक्रिय सदस्य, पूर्व ब्लाक प्रमुख महेशपाल तथा सात वर्ष तक उन्नाव जिले के बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे अनिल सिंह कुरील ने बडी संख्या अपने समर्थकों सहित भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी नवागन्तुकों का पट्का पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री मोहसिन रजा, राज्यसभा सदस्य पूर्व आइपीएस अधिकारी बृजलाल तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित उपस्थित थे।