यूपी के 11 बस अड्डों में मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं, PPP मॉडल से निर्माण शुरू; 9 स्टेशनों को भी मंजूरी
उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर बस स्टेशनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसमें पहले चरण के 23 में से 11 पर काम शुरू हो चुका है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पीपीपी मॉडल पर 11 बस स्टेशनों का निर्माण कार्य शुरू हुआ।
कुल 72 बस स्टेशनों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने गुणवत्ता और समय पर निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) माडल पर बस स्टेशनों के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। पहले चरण में प्रस्तावित 23 बस स्टेशनों में से 11 पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि नौ बस स्टेशनों के नक्शे संबंधित विकास प्राधिकरणों से स्वीकृत हो गए हैं।
इन पर जल्द निर्माण शुरू होगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को परिवहन निगम मुख्यालय में परियोजनाओं समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि कुल 34 परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में से आठ शासन को भेजी जा चुकी हैं। शेष डीपीआर तीन दिसंबर तक निगम मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच थर्ड पार्टी से भी कराई जाएगी। परियोजना के दूसरे चरण में 49 बस स्टेशन विकसित किए जाने हैं।
यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
इनमें से पांच बस स्टेशनों के प्रस्ताव कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं, जबकि 36 बस स्टेशनों के लिए दोबारा निविदा आमंत्रित की गई है। वहीं, 24 बस स्टेशनों के लिए बिड प्राप्त हो चुकी हैं। इनका तकनीकी परीक्षण चल रहा है। एक दिसंबर को इन बस स्टेशनों की वित्तीय बिड से संबंधित आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।