UP Budget 2026: किसानों के लिए बड़ी सौगातें, गन्ना मूल्य बढ़ा, मुफ्त बिजली जारी
योगी सरकार ने विधानसभा में अपना 10वां बजट पेश किया, जिसमें किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गईं। वित्त ...और पढ़ें

रिकॉर्ड गन्ना भुगतान, फसल खरीद में तेजी, बीमा व किसान सम्मान निधि से करोड़ों कृषकों को लाभ। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि।
किसानों को नलकूपों से मुफ्त बिजली आपूर्ति जारी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 94,668 करोड़ हस्तांतरित।
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी की योगी सरकार अपने मौजूदा कार्यकाल का अंतिम और ऐतिहासिक 10वां बजट विधानसभा में पेश कर रही है। वित्तीय वर्ष 2026-2027 के बजट भाषण में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किसानों के हित में सरकार की उपलब्धियों और नई घोषणाओं को प्रमुखता से रखा। \
सरकार ने दावा किया कि अपने अब तक के कार्यकाल में 3,04,321 करोड़ रुपये से अधिक का रिकॉर्ड गन्ना मूल्य भुगतान कराया गया है, जो पिछले 22 वर्षों के कुल 2,13,519 करोड़ रुपये के भुगतान से 90,802 करोड़ रुपये अधिक है।
पेराई सत्र 2025-2026 के लिए गन्ना मूल्य दर में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की गई है। इस निर्णय से गन्ना किसानों को लगभग 3,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भुगतान मिलने का अनुमान है।
फसल खरीद और भुगतान
रबी विपणन वर्ष 2025-2026 में 10.27 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर 2,512 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2025-2026 में 42.96 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद के बदले 9,710 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किसानों को किया गया। इसी अवधि में 54,253 किसानों से 2.14 लाख मीट्रिक टन बाजरा खरीदकर 595 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
मुफ्त बिजली और ऋण वितरण
सरकार ने बताया कि 1 अप्रैल 2023 से नलकूपों से सिंचाई के लिए किसानों को मुफ्त विद्युत आपूर्ति दी जा रही है। वर्ष 2025-2026 में 19 दिसंबर 2025 तक अल्पकालिक फसली ऋण के रूप में 10,257 करोड़ रुपये वितरित कर 15.01 लाख किसानों को लाभान्वित किया गया। दीर्घकालिक ऋण के लक्ष्य 600 करोड़ रुपये के सापेक्ष 30 नवंबर 2025 तक 205 करोड़ रुपये का वितरण कर 6,870 किसानों को लाभ पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- यूपी बजट 2026: प्रदेश में खुलेगा नौकरियों का पिटारा, 10 लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार
बीमा और सम्मान निधि से सहायता
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2017-2018 से 2024-2025 तक लगभग 62 लाख किसानों को 5,110 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति दी गई। वर्ष 2025-2026 में खरीफ सीजन के अंतर्गत दिसंबर 2025 तक 2.69 लाख बीमित किसानों को 215 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-2026 में दिसंबर 2025 तक 3.12 करोड़ किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 94,668 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।
सरकार ने बजट में स्पष्ट किया कि किसानों की आय बढ़ाने, लागत कम करने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में यह कदम जारी रहेंगे।
