यूपी चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल: गाजियाबाद-नोएडा और अमेठी समेत 15 जिलों के BSA का ट्रांसफर, अब कहां की मिली कमान?
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग के निर्देशों पर यूपी के बेसिक शिक्षा विभाग में 15 बीएसए बदले गए हैं। गाजियाबाद, नोएडा, अमेठी सहित कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों का कार्यक्षेत्र बदला गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
चुनाव आयोग के निर्देशों पर 15 बीएसए बदले गए।
गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बलिया के बीएसए का तबादला।
मेरठ, अमरोहा, अयोध्या में भी अधिकारियों का फेरबदल।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में 15 बीएसए इधर से उधर बदले गए। शुक्रवार को आचार संहिता से जुड़े दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश सरकार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों समेत 15 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। इनमें कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आपस में अदला-बदली कर नई तैनाती दी गई है।
राहुल पवार को गौतमबुद्धनगर से गाजियाबाद का जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के बीएसए ओम प्रकाश यादव को बलिया स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में वरिष्ठ प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।
बिजनौर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की वरिष्ठ प्रवक्ता डाली सिकरवार को गौतमबुद्धनगर का बीएसए बनाया गया है। अमरोहा की बीएसए मोनिका को मेरठ और मेरठ की बीएसए आशा चौधरी को अमरोहा भेजा गया है।
किसे कहां मिली जिम्मेदारी
इसी क्रम में कौशांबी के बीएसए कमलेन्द्र कुशवाहा को मीरजापुर और मीरजापुर के बीएसए अनिल कुमार वर्मा को कौशांबी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अयोध्या के बीएसए लालचन्द्र को अमेठी और अमेठी के बीएसए संजय तिवारी को लखीमपुर खीरी भेजा गया है। बलिया के बीएसए मनीष कुमार सिंह को मऊ और मऊ के बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय को बलिया भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
वहीं, संतकबीरनगर के बीएसए अमित कुमार सिंह को इटावा, इटावा के बीएसए राजेश कुमार को संतकबीरनगर, लखीमपुर खीरी के बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को बस्ती और बस्ती के बीएसए अनूप कुमार को अयोध्या भेजा गया है।