विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में MLC कोटे के मंत्रियों को भी चुनाव लड़ाएगी भाजपा, विधान परिषद सदस्यों को देनी होगी चुनावी परीक्षा

Published: Sat, 07 Nov 2026 02:00 AM (IST)Updated: Sat, 07 Nov 2026 02:03 AM (IST)

भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अपनी रणनीति बना रही है, जिसमें विधान परिषद सदस्यों (MLC) कोटे के मंत्रियों को भी चुनाव लड़ाया जाएगा।

सीएम योगी आदित्यनाथ।

सीएम योगी आदित्यनाथ।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चुनावी तापमान चढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों ने पत्ते खोलने शुरू कर दिए हैं। भाजपा ने बड़ी संख्या में विधायकों का टिकट बदलने का संकेत दिया है, वहीं योगी सरकार में मंत्री बने विधान परिषद सदस्यों को नई पारी के लिए चुनावी परीक्षा देनी होगी।

संगठन के कई पदाधिकारियों को भी चुनाव लड़ाया जाएगा। जिन राज्य सभा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है, उनमें से भी कई चुनाव लड़ने की राह तलाश रहे हैं।

भाजपा की लखनऊ में 30 अक्टूबर को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश की चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। भाजपा ने प्रदर्शन एवं सर्वे के आधार पर टिकट देने की बात कहकर वर्तमान विधायकों की धड़कन बढ़ा दी है। संघ एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की समीक्षा बैठकों में कार्यकर्ता ज्यादातर विधायकों के प्रति नाराजगी जता चुके हैं।

नए चेहरों को दिया जा सकता है अवसर 

राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी उत्तर प्रदेश नेतृत्व को बता चुके हैं कि चुनाव में नई रणनीति एवं दृष्टि के साथ उतरना होगा। पार्टी ने अनुभवी एवं बड़े चेहरों को चुनाव लड़ाकर आसपास की सीटों पर भी असर बढ़ाने की रणनीति बनाया है, वहीं जिताऊ चेहरे की कसौटी पर कई विधायक खरे नहीं उतर रहे, जहां नए चेहरों को अवसर दिया जा सकता है।

तीसरी बार सत्ता तक पहुंचने के लिए पसीना बहा रही भाजपा बदली रणनीति के तहत प्रत्याशियों की पहली सूची अगले माह तक जारी कर सकती है। पिछले दिनों दिल्ली में इसकी पटकथा लिखी गई। रणनीतिकारों का कहना है कि मंत्रियों, राज्य सभा, विधान परिषद सदस्यों एवं संगठन में लंबी पारी खेल चुके अनुभवी चेहरों को टिकट देकर पार्टी कार्यकर्ताओं में यह संदेश देगी कि दिग्गजों को भी जनता के बीच परीक्षा देना होगा। भाजपा ने टिकट देने की पारंपरिक प्रक्रिया में बदलाव का संकेत दिया है।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी से मिलीं पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना, कांस्य पदक विजेता का बढ़ाया हौसला

केंद्रीय एवं प्रदेश इकाई और सरकार ने अलग-अलग सर्वे कराया है। वहीं, इस बार पार्टी अंतिम क्षणों में प्रत्याशियों का नाम तय करने की जगह सिक्का पहले ही उछालना चाह रही है। इस बहाने हवा का रुख एवं विरोधी दलों की चाल का भी पता चलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।