विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी से मिलीं पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना, कांस्य पदक विजेता का बढ़ाया हौसला

Published: Fri, 06 Nov 2026 11:35 PM (IST)

एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. संजना कुमारी ने एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीता।

  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उत्साहवर्धन प्राप्त किया।

  3. विश्वविद्यालय लौटने पर संजना का सम्मान किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाली डा.शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री ने एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रधानमंत्री से मुलाकात संजना के लिए उत्साहवर्धन के साथ ही उनके खेल सफर का यादगार पल बन गई। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में भी खुशी का माहौल है। कुलपति आचार्य संजय सिंह ने फोन पर संजना से बात कर उन्हें कांस्य पदक जीतने और देश का गौरव बढ़ाने के लिए बधाई दी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय लौटने पर उनका स्वागत करने के साथ सम्मानित भी किया जाएगा।

झारखंड की रहने वाली संजना विश्वविद्यालय में बीबीए की छात्रा हैं। उन्होंने जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में महिला एकल एसएल-तीन स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था।संजना का अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन लगातार बेहतर रहा है।

वर्ष 2021 में बहरीन में आयोजित एशियन यूथ पैरा गेम्स में उन्होंने तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। वहीं, अप्रैल 2026 में चेक पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। अब एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों की सूची में एक और महत्वपूर्ण सफलता जोड़ दी है।

विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनीं संजना

संजना की उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करा रहा है। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और जरूरी संसाधनों की बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। संजना की सफलता दूसरे विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। विश्वविद्यालय लौटने पर उनका स्वागत और सम्मान किया जाएगा। - आचार्य संजय सिंह, कुलपति

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।