विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी भाजपा कोर कमेटी ने खींचा चुनावी खाका, वोट बढ़ाने और सहयोगी दलों को जोड़ने पर रहा फोकस

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:30 AM (IST)

यूपी भाजपा कोर कमेटी ने चुनावी तैयारियों का खाका खींचा, जिसमें छूटे वोटों को जोड़ने और लाभार्थियों से संपर्क पर जोर दिया गया।

सीएम योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. छूटे वोटों को जोड़ने के लिए आक्रामक अभियान चलाने पर जोर।

  2. सहयोगी दलों के साथ समन्वय और उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा हुई।

  3. गांवों में चौपाल लगाकर चुनावी अभियान को धार देने की रणनीति।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चुनाव की चौखट पर खड़ी भाजपा कई स्तरों पर चुनावी जमीन मजबूत करने में जुटी है। 16-17 नवंबर को मथुरा में दिग्गजों के जमावड़े के बाद सोमवार (23 नवंबर) को प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी ने बैठक कर चुनावी तैयारियों का खाका खींचा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसएसआर (स्पेशल समरी रिवीजन) के जरिए छूटे वोटों को जोड़ने के लिए आक्रामक अभियान चलाने एवं लाभार्थियों से संपर्क कर उनके बहाने चुनावी अभियान को धार देने के लिए कहा। एसएसआर की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं मिली, इसे और तेज करने के लिए कहा गया। कई वर्तमान विधायकों के टिकट काटने की चर्चा के बीच क्षेत्रों से आए फीडबैक पर बातचीत की गई।

सहयोगी दलों के बीच समन्वय का तार कसते हुए मिशन-2027 के लिए सक्रियता बढ़ाने पर सहमति बनी। वहीं, गांवों में चौपाल लगाने एवं संपर्क अभियान चलाने की रणनीति के सभी पहलुओं को मथा गया। संगठन में अहम पदों पर रहे अनुभवी चेहरों को जल्द ही नई भूमिकाओं के साथ मैदान में उतारा जाएगा। ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ जैसे नए नारों की उपयोगिता एवं अपील को लेकर विमर्श किया गया। आने वाले दिनों में नए नारों के साथ पार्टी नए नैरेटिव गढ़ती नजर आएगी।

प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ दोपहर में अभियानों एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। प्रवासियों एवं बाहर से आए संगठन महामंत्रियों के क्षेत्र एवं भूमिकाओं को लेकर चर्चा की गई। मंडलों एवं जिलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृृहमंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन केे दौरों को लेकर खाका बना लिया गया। एक माह तक चलने वाले एसएसआर के जरिए छूटे वोटों को सूची में जुड़वाने के लिए रणनीति बनाई गई।

एसएसआर प्रक्रिया शुरू होते ही कोर कमेटी का महत्व इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री ने 18 विधान सभाओं का उदाहरण देते हुए समझाया था कि कैसे बड़ी संख्या में हिंदू वोट सूची से कट गए हैं। कोर कमेटी में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए। इस दौरान एनडीए के सहयोगी दलों के रवैये एवं उनकी अपेक्षाओं को लेकर भी चर्चा उठी।

घटक दल निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद आरक्षण के मुद्दे पर अमल न होने पर कई बार मंत्री पद छोड़ने की बात कह चुके हैं। पिछले दिनों गृहमंत्री अमित शाह से मिले हैं, लेकिन उनका स्वर भाजपा की चिंता बढ़ा रहा है। सपा उनकी नाराजगी का फायदा उठा सकता है। राष्ट्रीय लोकदल की भाजपा से नजदीकियां बढ़ी हैं, जबकि इन दिनों अपना दल-एस की खामोशी से नए संकेत उभरे हैं।

मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी अपने दल के लिए ज्यादा सीटों की मांग की है। भाजपा के सामने सभी घटक दलों को भरोसे में रखने की चुनौती है। गांवों के चौपालों के माध्यम से सांसद एवं विधायक प्रदेश सरकार की बेहतर कानून व्यवस्था, अपराधियों पर कठोरता से नियंत्रण एवं सरकार की अन्य उपलब्धियां बताएंगे।

महिलाओं एवं युवाओं को प्रतिनिधित्व बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई। युवा संवाद के कार्यक्रम की नए सिरे से समीक्षा की जाएगी। वर्तमान विधायकों में से कई के टिकट काटने की चर्चा के बाद विभिन्न क्षेत्रों से आए फीडबैक की जानकारी ली गई। 2017, 2019, 2022 एवं 2024 के चुनावों में विधान सभा वार पार्टी के प्रदर्शन को लेकर चर्चा की गई। हारी सीटों पर पार्टी की रणनीति में नए बिंदु जोड़े गए।

यह भी पढ़ें- यूपी में ट्रैफिक जाम के प्वाइंट 64% घटे, सड़क हादसों में होने वाली मौतों में भी 10% की कमी, DGP ने दी जानकारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।