'टिकट किसी को मिले, खिले सिर्फ कमल', यूपी चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने तय किया सीटों का लक्ष्य
भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में 325-350 सीटें जीतने का संकल्प लिया है। पार्टी ने बूथ ...और पढ़ें
-1793379747317_m.webp)
यूपी चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने तय किया सीट जीतने का लक्ष्य।
HighLights
भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव में 325-350 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।
पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भाजपा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का संकल्प लिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए 325 से 350 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समर्थन करते हुए 337 सीटें जीतकर सरकार बनाने का भरोसा जताया। प्रस्ताव में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने पर जोर दिया गया।
केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जाइए, सब कुछ भूल, हर विधानसभा में खिलाइए कमल का फूल। टिकट चाहे जिसे मिले, कमल का फूल जरूर खिले। कहा कि टिकट मांगना कार्यकर्ताओं की स्वाभाविक आकांक्षा है, लेकिन संगठन की विजय सर्वोपरि होनी चाहिए।
सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा बूथ स्तर पर एकजुटता ही जीत का आधार बनेगी। कार्यकर्ताओं को भाजपा की विजय का संकल्प भी दिलाया।
डिप्टी सीएम ने सपा पर लागया आरोप
राजनीतिक प्रस्ताव में समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया गया। मौर्य ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है, जबकि सपा की राजनीति परिवार तक सीमित है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2014 से पहले के देश और वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना वर्तमान उपलब्धियों से करते हुए जनता के बीच जाने को कहा।
-1793379806040.webp)
प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को गरीबों के जीवन में बदलाव का माध्यम बताया गया। कानून-व्यवस्था, पारदर्शी भर्तियों और विकास कार्यों को भी भाजपा सरकार की उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया।
2017 के बाद प्रदेश में हुआ व्यापक परिवर्तन- ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद प्रदेश में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उत्तर प्रदेश गुंडाराज, भ्रष्टाचार और अराजकता से निकलकर विकास, सुशासन और निवेश का केंद्र बना है।
उन्होंने एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि को सरकार की उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि पहले वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की चर्चा होती थी, आज वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज का संकल्प साकार हो रहा है। बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।
-1793379892749.webp)
पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल ने समर्थन करते हुए महिला सशक्तीकरण, किसान हित, रोजगार और अंत्योदय के संकल्प को प्रमुखता दी। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम तथा अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि भाजपा की चुनावी सफलताओं का आधार समर्पित बूथ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' के मंत्र के साथ घर-घर संपर्क बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
राजनीतिक प्रस्ताव के जरिए भाजपा ने कार्यकर्ताओं को 2027 के चुनाव में एकजुट होकर जुटने और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पदयात्रा और संवाद से मिशन-2027 को धार देंगे नितिन नवीन, सीएम योगी के साथ परखेंगे संगठन की तैयारी
यह भी पढ़ें- प्रदेश की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतें तैयार करेंगी विकास की रूपरेखा, योगी सरकार का तकनीक आधारित प्लानिंग पर फोकस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।