विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ से गिरफ्तार चार आतंकियों को रिमांड पर लेगी UP ATS, सामने आएंगे खतरनाक राज

By Digital Desk Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 04 Apr 2026 02:28 PM (IST)

Terrorists in UP: पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के हैंडलरों से इन्हें लक्ष्य दिया गया था।

विकास गहलोत उर्फ रौनक-- लोकेश उर्फ पपला पंडित-- साकिब उर्फ डेविल ---अरबाब

विकास गहलोत उर्फ रौनक-- लोकेश उर्फ पपला पंडित-- साकिब उर्फ डेविल ---अरबाब

HighLights

  1. पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेजते थे भारत के महत्वपूर्ण संस्थानों की जानकारी

  2. लखनऊ सहित कई शहरों में थी विस्फोट करने की तैयारी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने शुक्रवार को लखनऊ से चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह चारों आरोपित लखनऊ, अलीगढ़ व गौतमबुद्ध नगर में विस्फोट और सामूहिक नरसंहार कर दहशत फैलाने की फिराक में थे। अब एटीएस आतंकियों को रिमांड पर लेकर और राज खोलने की तैयारी में है।

उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) शुक्रवार को लखनऊ से गिरफ्तार चार आतंकियों को रिमांड पर लेगा। एटीएस ने लखनऊ की स्पेशल कोर्ट में में इन्हें रिमांड पर लेने की अर्जी दी है।

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करने वाले चारों आतंकी लखनऊ के साथ ही अलीगढ़ व गौतमबुद्ध नगर सहित कई जिलों में सामूहिक नरसंहार करने की तैयारी कर रहे थे। आतंकियों ने इसके लिए कई रेलवे सिग्नल बाक्सों, प्रमुख नेताओं व संस्थानों की रेकी कर संबंधित जानकारी आईएसआई को भेजी थी। आतंकियों के मोबाइल से कई वीडियो व ग्रुप काल रिकार्डिंग का भी पता चला है।

इन चार को एटीएस ने किया गिरफ्तार

एटीएस ने शुक्रवार को लखनऊ के रेलवे स्टेशन के पास से 25 वर्षीय शाकिब उर्फ डेविल पुत्र शकील अहमद, निवासी-गांव अगवानपुर, परीक्षित गढ़ मेरठ, 20 वर्षीय अरबाब पुत्र रहीशुद्दीन, निवासी-गांव अगवानपुर, परीक्षित गढ़ मेरठ, 27 वर्षीय विकास गहलावत उर्फ रौनक, पुत्र रवीन्द्र, गली नंबर-2, राम विहार छपरौला, गौतमबुद्ध नगर और 19 वर्षीय लोकेश उर्फ पपला पंडित उर्फ बाबू उर्फ संजू, पुत्र रोहताश शर्मा, निवासी 12 राम विहार कालोनी -01, गौतम बुद्ध नगर को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक केन ज्वलनशील पदार्थ, 24 पम्फलेट, सात स्मार्ट फोन व आधार कार्ड बरामद हुए हैं।

नाई का काम करता है सरगना

आतंकियों के इस गिरोह का सरगना शाकिब मेरठ में नाई का काम करता है। शाकिब इंस्टाग्राम सहित इंटरनेट मीडिया के कई प्लेटफार्म के जरिए आइएसआइ को प्रमुख नेताओं, संस्थानों व रेलवे सिग्नल बाक्स की फोटो और उससे संबंधित जानकारियां भेजता था। इस गिरोह ने पिछले कुछ समय में कई स्थानों पर आग लगाकर दहशत फैलाई थी। एके-47 रायफल के साथ अन्य सदस्यों से वीडियो काल के माध्यम से बात करता था। चारों आतंकियों के इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों की जांच के बाद पता चला कि इनके पास एके-47 रायफल भी है।

लखनऊ में मिली थी आखिरी लोकेशन

चारों आतंकी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। एटीएस को करीब एक सप्ताह पहले आतंकियों के इस गिरोह की जानकारी मिली थी। इसके बाद से इनकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को इनकी लोकेशन लखनऊ में मिली तो एटीएस की टीम ने इन्हें लखनऊ रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। रेलवे स्टेशन पर चारों आतंकी रेलवे सिग्नल बाक्स की फोटो कर रहे थे। इनकी कोशिश थी कि रेलवे सिग्नल बाक्स में गडबड़ी करके बड़ी ट्रेन दुर्घटना को अंजाम दिया जाए।

यह भी पढ़ें- यूपी एटीएस को मिली बड़ी सफलता, पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने वाले चार आतंकियों को किया गिरफ्तार

आईएसआई के हैंडलरों से मिला था लक्ष्य

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ के हैंडलरों से इन्हें ओसामा बिन लादेन, फारुतुल्ला घोरी, कश्मीर मुजाहिद्दीन व गजवा ए हिंद से संबंधित आतंकी संगठनों के लिए काम करने का लक्ष्य दिया गया था। आग लगाने के बाद यह गिरोह उसकी वीडियो व फोटो अपने हैंडलरों को भेजता था, इसके बदले इन्हें क्यूआर कोड के माध्यम से राशि भेजी जाती थी।

यह भी पढ़ें- ISIS से 50 युवाओं को जोड़ा, क्रिप्टो करेंसी से होती थी फंडिग; UP ATS की पूछताछ में हारिस अली के खुलासे

आतंकियों का यह गिरोह गैस सिलेंडरों के ट्रकों में आग लगाकर विस्फोट करने और कई शहरों में रेलवे सिग्नल बाक्स में गड़बड़ी करके बड़ी ट्रेन दुर्घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। चारों आतंकी सामूहिक नरसंहार की भी तैयारी कर रहे थे।