डिजिटल सबूतों से खुलेंगे राज: पाकिस्तान-तुर्की समेत कई देशों में फर्जी ई-मेल बेचने वाले आरोपित से ATS ने शुरू की पूछताछ
एटीएस ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर फर्जी ईमेल आईडी बेचने और पुलिस-सेना के जवानों की हत्या की साजिश रचने वाले आरोपितों से पूछताछ शुरू की है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एटीएस ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों से पूछताछ शुरू की।
फर्जी ईमेल आईडी पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की के भारत विरोधी तत्वों को बेचीं।
पुलिसकर्मी, सेना जवान की हत्या की साजिश में तीन आरोपित शामिल।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पुलिसकर्मी और सेना के जवान की हत्या की साजिश रचने से लेकर विदेश में फर्जी ई-मेल आईडी बेचने के नेटवर्क तक, एटीएस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों से पहले दिन मंगलवार को पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिए गए आरोपितों के मोबाइल फोन, लैपटाप और आनलाइन गतिविधियों से जुड़े डिजिटल दस्तावेजों को जांच के केंद्र में रखा गया है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित किन लोगों के संपर्क में थे और उनके नेटवर्क का विस्तार कहां तक है। फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर विदेश में बेचने के आरोपित अंकित शंखवार से एटीएस छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड में पूछताछ कर रही है।
जांच में सामने आया है कि वह फर्जी ई-मेल आईडी के जरिए पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की और मिस्र के भारत विरोधी तत्वों को आईडी बेचता था। इसके बदले क्रिप्टो करेंसी (यूएसडीटी) में भुगतान लेता था। एटीएस उसके मोबाइल और लैपटाप के डेटा की पड़ताल कर रही है। साथ ही विदेशी एजेंटों से संपर्क के माध्यम और आईडी के इस्तेमाल की जानकारी जुटाई जा रही है।
पंजाब के तीन आरोपितों के डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही एटीएस
पुलिसकर्मी और सेना के जवान की हत्या की साजिश रचने के आरोपित पंजाब निवासी गगनदीप सिंह, रजत कुमार और क्रिश से भी डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ शुरू की गई है। तीनों को छह दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। जांच में इनके प्रतिबंधित शहजाद भट्टी नेटवर्क के सदस्य राणा भाई के संपर्क में होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- यूपी में अब इलाज के लिए नहीं खर्च करने पडेंगे पैसे, योगी सरकार ने हेल्थ ATM के नियमों में किया बड़ा बदलाव
आरोपितों के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उनके संपर्कों, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर और नेपाल भागने की कथित योजना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एटीएस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की साजिश के लिए स्थानीय स्तर पर हथियार और आर्थिक मदद उपलब्ध कराने में कौन लोग शामिल थे।