68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का शिक्षा मंत्री के आवास पर प्रदर्शन, सीटी बजाकर उठाई आरक्षण मांग
परिषदीय विद्यालयों में 68500 शिक्षक भर्ती की आरक्षण विसंगति को लेकर अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग।
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। परिषदीय विद्यालयों में 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सीटी बजाकर और नारेबाजी कर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश में ओबीसी दिव्यांग अभ्यर्थियों को 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर नियुक्ति देने और आरक्षण विसंगति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की बात कही गई है।
अभ्यर्थी इसी आदेश के अनुपालन की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन में 'संदीप भैया न्याय करो', 'है हक हमारा आरक्षण, हम लेकर रहेंगे आरक्षण' और 'बाबू कल्याण सिंह अमर रहें' जैसे नारे लगाए गए।
धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से शिक्षा मंत्री से वार्ता हुई है। मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद प्रतिनिधिमंडल की मंत्री से वार्ता प्रस्तावित है। इसके बाद आगे की रणनीति तय होगी। अभ्यर्थियों के अनुसार एक सितंबर से ईको गार्डन में अनवरत धरना चल रहा है।
प्रदर्शन के दौरान आजमगढ़ के अभ्यर्थी सच्चिदानंद तेज धूप में गेट के सामने अचेत होकर गिर गए। एसएचओ विपिन सिंह ने उन्हें छांव में ले जाकर मुंह धुलाया, जूता उतारा, बिस्किट और पानी दिया। बाद में एहतियातन पुलिस वाहन से सिविल अस्पताल भेजा गया।
