विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2027 विधानसभा चुनाव: क्या सीटों में तब्दील होगा AIMIM और आजाद समाज पार्टी का वोट बैंक या बिगाड़ेगा चुनावी समीकरण?

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:32 PM (IST)

नवगठित सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में अपनी बढ़ती वोट बैंक को सीटों में बदल पाएगा या नहीं, यह एक बड़ा सवाल है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का 2027 यूपी चुनाव में भविष्य.

  2. AIMIM और आजाद समाज पार्टी का बढ़ता चुनावी ग्राफ.

  3. दलित-मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट करने की एसपीएम की चुनौती.

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। चुनाव से पहले गठित सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एसपीएम) क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में खाता खोल पाएगा? क्या दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाकर स्वतंत्र राजनीतिक आधार बना सकेगा या उसकी भूमिका दूसरे दलों को जिताने-हराने तक सीमित रहेगी? राजनीतिक चिंतकों के बीच यह बड़ा सवाल है।

आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का राज्य में अब तक का चुनावी ग्राफ ऊंचाई की ओर है, लेकिन इतना भी नहीं है कि उसे सत्ता की ड्योढ़ी तक ले जाए।

दोनों दलों को अलग-अलग चुनावों में मिले वोट बढ़े हैं। एआइएमआइएम को 2017 के विधानसभा चुनाव में 2.04 लाख वोट मिले थे, जो 2022 में बढ़कर 4.50 लाख हो गए। आजाद समाज पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में 1.19 लाख वोट मिले, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में चार सीटों पर लड़कर उसने 6.02 लाख वोट हासिल किए। हालांकि, यह समर्थन अब तक विधानसभा सीटों में नहीं बदल सका है।

नहीं उतारे थे प्रत्याशी

दलित राजनीति में नए नेतृत्व की तलाश और मुस्लिम मतदाताओं में राजनीतिक भागीदारी को लेकर असंतोष एसपीएम के लिए अवसर बन सकता है। चंद्रशेखर के दलित नेतृत्व और असदुद्दीन ओवैसी की मुस्लिम राजनीति को एक मंच पर लाकर मोर्चा अपनी चुनौती पेश कर रहा है। एआइएमआइएम ने 2012 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारे थे।

2016 के बीकापुर उपचुनाव से राजनीति में कदम रखने वाली पार्टी ने 2017 में 38 सीटों पर चुनाव लड़कर 2.4 लाख वोट हासिल किए। 2022 में 95 सीटों पर लड़कर उसे 4.50 लाख वोट हासिल किया। फिर निकाय चुनाव में उसके पांच प्रत्याशी नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष चुने गए। 75 पार्षद भी जीते।

2020 में गठित आजाद समाज पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में 1.19 लाख वोट मिले थे, लेकिन सीट नहीं मिली। फिर चंद्रशेखर आजाद ने नगीना लोकसभा सीट जीत लिया। उन्हें संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, नहटौर और नूरपुर पर बढ़त मिली। इससे पहले 2022 में धामपुर सीट पर 116 वोटों से और नहटौर में 242 वोटों से हार जीत हुयी थी। हालांकि, लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मुद्दे, प्रत्याशी और मतदान के समीकरण अलग होते हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ तिहरा हत्याकांड: आरोपितों के तीन अवैध घरों पर चला बुलडोजर, मलबे से मिले हथियार और कारतूस

फिलहाल एसपीएम के सामने बसपा के पारंपरिक दलित आधार और सपा के मजबूत मुस्लिम समर्थन के बीच जगह बनाने की बड़ी चुनौती होगी। 2022 के विधानसभा चुनाव में करीब 79 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं ने सपा का समर्थन किया, अब राजनीतिक भागीदारी और स्थानीय मुद्दों पर उसके कुछ वर्गों में असंतोष एआइएमआइएम के लिए अवसर बनता रहा है। एसपीएम की भूमिका इस बात से तय होगी कि वह अपने समर्थन को विधानसभा सीटों की जीत में बदल पाता है या कम अंतर वाले मुकाबलों में दूसरे दलों के चुनावी समीकरण को प्रभावित करता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।