लखनऊ तिहरा हत्याकांड: आरोपितों के तीन अवैध घरों पर चला बुलडोजर, मलबे से मिले हथियार और कारतूस
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सआदतगंज तिहरे हत्याकांड के आरोपितों के तीन अवैध घरों को 20 घंटे की कार्रवाई में ध्वस्त ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
आरोपितों के तीन अवैध घर 20 घंटे में ध्वस्त।
ध्वस्तीकरण के दौरान घरों से हथियार, कारतूस बरामद।
मुख्य आरोपितों पर आर्म्स एक्ट का नया केस।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने करीब 20 घंटे बुलडोजर चलाकर सआदतगंज तिहरे हत्याकांड के आरोपितों के तीन अवैध घरों को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया। चार हजार स्क्वायर फीट जमीन पर बने घर अब मलबे में तब्दील हो गए हैं।
कार्रवाई के दौरान उनके घरों से एक सिंगल बैरल बंदूक, देसी रिवाल्वर, एक तमंचा, एक एयरगन राइफल, एक अर्धनिर्मित एयरगन और 45 कारतूस बरामद हुए हैं। इस पर मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला, उसके चाचा राजेश कुमार शुक्ला उर्फ तन्नू बाबू और गिरीश कुमार शुक्ला के खिलाफ आर्म्स एक्ट में नया मुकदमा दर्ज हुआ है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से गुरुवार दोपहर करीब दो बजे दो बुलडोजर और हथौड़ों की मदद से आरोपितों के घरों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई शुरू हुई। गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे तक दो घरों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। तीसरे घर का कुछ हिस्सा तोड़ा। इसके बाद कार्रवाई रोक दी गई।
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे एक और बुलडोजर बुलाया गया और फिर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। दोपहर करीब दो बजे तक तीनों घरों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इसके बाद करीब दो घंटे तक बड़े-बड़े टुकड़ों को तोड़ा गया। शाम करीब चार बजे लखनऊ विकास प्राधिकरण की टीम कार्रवाई पूरी करके वापस लौटी।
बाहर से दिखने में था एक घर
तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपितों के तीनों घर बाहर से दिखने में एक लगते थे। कागजों में तीनों अलग थे। तीनों घरों में सात कमरे बने थे, जिनमें तीन पुराने और चार नए कमरे थे। नए कमरों में दो कमरे ऊपर बने थे। आरोपितों के घर पीड़ित परिवार के मकान के सामने था।
पीड़ित परिवार और उनके रिश्तेदार अपने घर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई देख रहे थे। इस दौरान पीड़ित परिवार के रिश्तेदार अनिल अवस्थी ने कहा कि पुलिस की लापरवाही से घटना हुई है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घर से असलहों के मिलने के संबंध में नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह है पूरा मामला
सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर की सुबह चबूतरे की जमीन के पास कार खड़ी करने के विवाद में ऋषभ शुक्ला ने पड़ोसी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह भी पढ़ें- लखनऊ : इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर महिला के घर पहुंचा युवक, कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर 18 लाख किए पार
मामले में ऋषभ शुक्ला, उसके पिता दिनेश शुक्ला, चाचा राजेश शुक्ला व गिरीश शुक्ला, मुन्ना बाबू और बहन दिव्या, प्रिया व आदिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।