यूपी में दबाव की राजनीति में उलझा सपा-कांग्रेस गठबंधन, अब 'जीत के आधार' पर होगा सीटों का बंटवारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा दबाव की राजनीति में ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर दबाव की राजनीति जारी।
कांग्रेस ने 181, सपा ने 54 सीटों की सूची इंटरनेट पर प्रसारित।
अब दोनों दल जीत के आधार पर सीटों का तालमेल करेंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा दबाव की राजनीति में उलझ गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित सूची के अनुसार कांंग्रेस ने सपा को 181 सीटों की सूची सौंपी है, इसके जवाब में सपा समर्थकों की तरफ से इंटरनेट मीडिया पर कांग्रेस को 54 सीटें देने की सूची प्रसारित की गई है।
फिलहाल चुनाव जीतने के मुद्दे को लेकर एकमत हुए दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के दखल के बाद कांग्रेस व सपा ने सीटों के बंटवारे को लेकर नए सिरे से मंथन शुरू किया है।
सीटों का बंटवारा होगा जीत का आधार
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम शुरू से सपा के साथ बराबरी व सम्मान के गठबंधन के तहत 175 से 200 सीटों की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिछले मंगलवार को दिल्ली में होने वाली दोनों दलों के नेताओं की बैठक स्थगित करा कर यह संदेश दे दिया है कि सपा किसी भी हाल में कांग्रेस को 200 या 175 सीटें नहीं देने वाली है। साथ ही उन्होंने इस बात का स्पष्ट संकेत भी दिया है कि राज्य में दोनों दल एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। सीटों का बंटवारा जीत के आधार पर होगा।
इसके बाद से कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने बुधवार से झांसी से मंडलवार बैठकें कर एक-एक सीट पर मंथन शुरू कर दिया है। इस सिलसिले में पार्टी की अगली बैठक 21 नवंबर को आगरा में रखी गई है। इस बैठकों में कांग्रेस स्थानीय स्तर पर एक-एक सीट पर हार-जीत के समीकरण देख रही है।
यह भी पढ़ें- वनवास खत्म: 8 साल बाद वर्दी में लौटे यूपी के सीनियर IPS अधिकारी जसवीर सिंह, 2019 में इस वजह से हुए थे सस्पेंड
इससे पहले अगले सप्ताह तक दोनों दलों के नेताओं की संयुक्त समिति बनाई जाएगी। यह समिति अपने स्तर से सीटों के बंटवारे को लेकर एक-एक सीट पर बातचीत करेगी। इसके बाद दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में सीटों का बंटवारा किया जाएगा। फिलहाल गठबंधन में सीटों के बंटवारे की गांठ खोलने के लिए दोनों दल एक दूसरे पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।