विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समाजवादी पार्टी में पीडीए का विस्तार: पासी-प्रजापति सहित कई नेता शामिल, पूरब से पश्चिम तक मची हलचल

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:06 PM (IST)

समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को मजबूत करने के लिए कई नेताओं को पार्टी में शामिल किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सपा में पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी शामिल हुए।

  2. बसपा के दारा सिंह प्रजापति ने भी सपा की सदस्यता ली।

  3. अखिलेश यादव ने पीडीए की जीत बड़ी होने की बात कही।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है। सोमवार को सपा मुख्यालय में पूर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर पासी, बसपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दारा सिंह प्रजापति, पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, सिनोद कुमार शाक्य और अजय कुमार सहित कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इनके आने से पूरब से पश्चिम तक राजनीतिक हलचल मच गई है। पीडीए की जीत और बड़ी होने जा रही है।

पूर्व आईएएस अधिकारी राम बहादुर पासी ने वर्ष 2017 में बसपा से मोहनलालगंज सीट पर विधान सभा चुनाव लड़ा था। सपा उनके आने को पीडीए के लिए मुफीद मान रही है। बदायूं की राजनीति से जुड़े पूर्व विधायक कुशाग्र सागर और सिनोद कुमार शाक्य के सहारे सपा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ रुहेलखंड क्षेत्र में भी लाभ की उम्मीद है। वहीं, दारा सिंह प्रजापति के जरिये पिछड़े वर्गों में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश है।

एक सवाल पर अखिलेश ने कहा कि ये सरकार सवालों से डरती है। सरकार, मेटा की मदद से लोगों को इंटरनेट मीडिया पर अपनी आवाज उठाने से क्यों रोक रही है? खरगे के बयान पर विवाद को लेकर कहा कि भाजपा सबसे ज्यादा नकारात्मक प्रचार करती है। जब वह ऐसा कर रही है तो उसे भी सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार बनने पर वाल्मीकि जयंती पर सरकारी अवकाश होगा। वाल्मीकि समाज जिन कालोनियों में रह रहा है, वहां का मालिकाना हक देंगे।

इस दौरान पांच गरीब लोगों को सपा नेता मंतोष यादव द्वारा बनवाकर दिए गए आवासों की चाबी सौंपी और कहा कि सरकार में गरीबों को अलग से आधुनिक घर बनाकर देंगे, जिसमें सौर ऊर्जा की भी व्यवस्था होगी। वहीं टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों ने सपा अध्यक्ष को ज्ञापन देकर भर्ती नियमावली की विसंगतियां दूर कराने की मांग की।

यह भी पढ़ें- गुड़-घी खाने के बाद बिगड़ी सपा सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत, मेदांता के आईसीयू में भर्ती, हालत में सुधार

यह भी पढ़ें- बसपा सुप्रीमो मायावती को बताया 'मां दुर्गा स्‍वरूप मैया मायावती', काशी में लगा पोस्‍टर वायरल