सपा में भ्रष्टाचार की कमाई के बंटवारे की लड़ाईः अमित शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि सपा का झगड़ा उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार से बनाई गयी संपत्ति के बंटवारे को लेकर हो रहा है।
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि सपा के कलह में भाजपा का कोई रोल नहीं है और न ही सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से लेकर किसी ने भी ऐसा कहा है। इसलिए ऐसी बात नहीं होनी चाहिए। सपा का झगड़ा उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार से बनाई गयी संपत्ति के बंटवारे को लेकर हो रहा है।
अखिलेश बोले यह परिवार नहीं, सरकार का झगड़ा, नेता जी सब ठीक कर देंगे
आज शाम अमित शाह एक निजी चैनल के कार्यक्रम के दौरान सवालों का जवाब दे रहे थे। शाह ने पारिवारिक कलह पर आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा है कि पिछले साढ़े चार वर्षों से सरकार और सपा के लोगों ने भ्रष्टाचार फैला रखा है। उत्तर प्रदेश के चुनाव में भाजपा के भविष्य पर शाह बोले कि यहां लंबे समय से सपा और बसपा की सरकार है। इसी 10-15 वर्ष में देश के बहुत से राज्य उत्तर प्रदेश से आगे निकल गये लेकिन यहां भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के सिवाय कुछ हासिल नहीं हुआ। शाह ने जोर देकर सपा और बसपा से उत्तर प्रदेश को मुक्त करने के साथ ही भाजपा के लिए मौका मांगा। कहा कि भाजपा की सरकार बनेगी तो उप्र का विकास होगा।
अखिलेश को अध्यक्ष पद से हटाना पार्टी नेतृत्व की गलती : राम गोपाल यादव
भाजपा अगर सत्ता में आयी तो उप्र के लिए क्या करेगी? शाह ने कहा कि जिन राज्यों में पांच वर्ष भाजपा की सरकार चली वहां की तस्वीर बदल गयी। गांवों में बिजली और पानी से लेकर कई सुविधाएं पहुंचायी और किसानों के चेहरे पर खुशहाली लाने का काम किया। सड़कों का जाल बिछा दिया। सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह तो कभी बुलंदशहर तो कभी मथुरा तो कभी बुआ-भतीजा तो कभी चाचा-भतीजा की लड़ाई ने उप्र की तस्वीर खराब की। अपराध के आंकड़ों और भाजपा शासित राज्यों में ज्यादा अपराध की बात पर शाह ने कहा कि यहां तो अपराध दर्ज होने पर मुकदमा भी दर्ज नहीं होता। राम मंदिर की बात उठते ही शाह ने कहा कि अगर दोनों पक्ष एक साथ बातचीत को आते हैं तो हम मध्यस्थता को तैयार हैं लेकिन राम मंदिर कब बनेगा इसकी तारीख नहीं बता सकते। उन्होंने गंगा की सफाई समेत कई और मुद्दों पर भी अपनी राय रखी।