'एक ही बूथ पर 7 बार दर्ज एक ही मतदाता का नाम', सपा का EC पर वार; कायमगंज DM को हटाने की मांग
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के सात विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी और डुप्लीकेट नामों की शिकायत की है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
सपा ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों की शिकायत की।
दिबियापुर में एक ही नाम सात बार दर्ज होने का आरोप।
कायमगंज डीएम पर मतदान केंद्र बदलने का आरोप, हटाने की मांग।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मतदाता सूची को लेकर लगातार सवाल उठा रही समाजवादी पार्टी ने अब सात विधान सभा क्षेत्रों में एक ही नाम से कई-कई प्रविष्टिया दर्ज होने की शिकायत की है।
दावा किया गया है कि दिबियापुर विधान सभा क्षेत्र के बूथ संख्या 156 के मतदाता संख्या 485, 486, 487, 488, 489, 490, 492 पर एक ही मतदाता आर्यन सिंह रिलेटिव अरविंद कुमार सिंह का नाम दर्ज है, सबकी उम्र भी समान 18 वर्ष दर्शाई गई है। वहीं कायमगंज में विधायक के दवाब में मतदेय स्थल बदलने का आरोप लगा डीएम को हटाने की मांग की गई है।
शुक्रवार को प्रदेश सचिव केके श्रीवास्तव, राज्य कार्यसमिति सदस्य डा. हरिश्चन्द्र सिंह व राधेश्याम सिंह द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि औरैया के दिबियापुर व बिधूना, बस्ती के रूधौली, हर्रैया, महादेवा व सदर, अंबेडकर नगर के जलालपुर विधान सभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट प्रविष्टियां हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में 45 करोड़ से बनेंगी 173 पीडियाट्रिक ट्रॉमा यूनिट, हर साल बचेगी 1800 मासूमों की जान
इनमें एक ही नाम से दो से लेकर सात जगहों तक मतदाता दर्ज है। इसके कुछ उदाहरण भी दिए गए हैं। आरोप लगाया गया है कि फर्रुखाबाद के डीएम द्वारा कायमगंज विधान सभा में भाजपा विधायक डा. सुरभि के दबाव में सपा समर्थक यादव बाहुल्य 40 मतदेय स्थलों को स्थानांतरित करके ठाकुर बाहुल्य क्षेत्रों में ले जाने की साजिश की जा रही है। मांग की गई है कि इस स्थानांतरण को रद कर डीएम को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। साथ ही मतदात सूची में दर्ज डुप्लीकेट नामों को हटाया जाए।