यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाघ की खाल और हड्डियों समेत छह नेपाली गिरफ्तार
भारत से सटे सीमापार नेपाल के जिला कैलाली पुलिस ने बाघ (टाइगर) की खालों, हड्डियों के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

लखीमपुर (जेएनएन)। भारत से सटे सीमापार नेपाल के जिला कैलाली पुलिस ने बाघ (टाइगर) की खालों, हड्डियों के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्यालय कैलाली के अनुसार, क्षेत्रीय पुलिस अनुसंधान टीम ने विशेष सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर लोकराज भट्ट के नेतृत्व में बीती रात गोदावरी नगर पालिका के वार्ड संख्या 12 एवं घोड़ाघोड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर सात कीरतपुर से बाघ की खालों व सात किलो हड्डियों के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस कप्तान कैलाली ने बताया कि बाघ की खाल 11 फिट लंबी व दो फिट पांच इंच चौड़ी है। बाकी की लंबाई चौड़ाई इससे कम है। कुल तीन खालें मिली हैं, जबकि सात किलो हड्डियां भी बरामद हुईं। पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में अपना नाम धर्म राज पौडेल, पूर्ण बहादुर आली, राम बहादुर चौधरी, रमेश चौधरी, गगन सउद व लोक बहादुर बिक बताए हैं।
यह भी पढ़ें: एंटी रोमियोः कालेज गेट पर छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले को परिजनों ने पीटा
दुधवा में घुसपैठ की बात सामने आई
वन विभाग को पूछताछ में इन लोगों ने भारत के दुधवा टाइगर रिजर्व के अंदर भी घुसपैठ करने की बात बताई है। इंडो-नेपाल के बीच खुली सीमा व दुधवा जंगल का विशालकाय क्षेत्र पड़ता है। खुली सीमा का लाभ उठाकर नेपाली शिकारी अक्सर जंगल में घुसकर शिकार एवं लकड़ी कटान करते हैं। चूंकि दोनों देशों की सीमा लगी हुई है ऐसे में अपराध के बाद वे आसानी से नेपाल भाग जाते हैं। नेपाल के शहर धनगढ़ी महानगर पालिका के वार्ड संख्या चार से पुलिस ने अजगर की खाल सहित एक व्यक्ति को पकड़ा है। सूचना के बाद नेपाल अनुसंधान पुलिस टीम ने छापा मारते हुए शक के आधार पर धनगढ़ी निवासी संतोष को पकड़ा जिसके थैले से 12 फिट लंबी व एक फुट दो इंच चौड़ी अजगर की खाल बरामद हुई।