चंपत राय से मुलाकात पर तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने दी सफाई, मुख्य मकसद उनका हाल-चाल जानना
Govind Dev Giri: मुख्य मकसद उनका हाल-चाल जानना था। वे स्वस्थ और खुश हैं और ट्रस्ट से अपने इस्तीफे को ...और पढ़ें
HighLights
गोविंद देव गिरी बोले-इस्तीफे को लेकर चंपत राय के मन में कोई नाराजगी नहीं
गोविंद देव गिरी ने लिया चढ़ावे की गिनती वाले स्थान का जायजा
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। राम नगरी में जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावा चोरी की एसआईटी जांच के दौरान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा देने वाले चंपत राय से कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी की बुधवार को भेंट बेहद चर्चा में रही।
चंपतराय से कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी की बुधवार को भेंट के सुर्खियों में आने के बाद उन्होंने इस प्रकरण पर सफाई भी दी। कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने कहा कि मैं कल चंपत राय से मिलने गया था। मेरा मुख्य मकसद उनका हाल-चाल जानना था। वे स्वस्थ और खुश हैं और ट्रस्ट से अपने इस्तीफे को लेकर उनके मन में कोई नाराजगी नहीं है। गोविंद देव का दावा है कि उन्हें कोई शिकायत नहीं है।
गिरी ने कहा कि कल मेरी मुलाकात चंपत राय से हुई और उनसे अच्छी बातचीत हुई। मेरा मुख्य उद्देश्य उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेना था। स्वामी गोविंद देव गिरि ने कहा कि चंपत राय स्वस्थ, संतुष्ट हैं और अपने इस्तीफे को लेकर उनमें जरा भी नाराजगी नहीं है। वे एक अनुभवी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन भारत माता की सेवा में समर्पित कर दिया है। वे हमारे द्वारा बनाई जा रही व्यवस्था का पूर्ण समर्थन करते हैं और उनके मन में कोई क्रोध या असंतोष नहीं है।
उन्होंने कहा कि कल मैं कुछ स्थानीय साधु-संतों से भी मिला। वे भी राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के फैसलों से सहमत और खुश हैं। वे यह भी चाहते हैं कि हम पूजा-पाठ और कामकाज के इंतजामों में कुछ और सुधार करें। उनके सुझावों पर हम इन सुधारों को करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। वे आशा करते हैं कि हम कुछ पूजा पद्धति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में और सुधार करेंगे। जिसके लिए हम कटिबद्ध हैं।
कोषाध्यक्ष ने कहा कि कल ही मैंने उस जगह का भी दौरा किया जहां चढ़ावे की गिनती होती है और वहां किए गए सभी बदलावों का जायजा लिया। अब जिस तरह की सावधानी बरती जा रही है, उसे देखते हुए लगता है कि ऐसी घटना दोबारा कभी नहीं होगी। वहां पर अब काफी सावधानी बरती जा रही है।
सरकार, मुख्यमंत्री और प्रशासन पर भरोसा: दिनेन्द्र दास
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के ट्रस्टी, महंत दिनेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि हमें सरकार, मुख्यमंत्री और प्रशासन पर भरोसा है। जो काम हो रहा है, वह सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। हमें पुलिस पर पूरा भरोसा है। वे अपना काम कर रहे हैं और ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए पूछताछ जारी है, जिसमें दूसरा दिन भी शामिल है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सरकार और प्रशासन स्थिति को ठीक से संभाल रहे हैं, और सब कुछ सुलझ जाएगा।
