विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवा शर्मा हत्याकांड में मॉडल श्रद्धा दुबे के करीबी ऋषभ पर कसेगा शिकंजा, संपत्ति कुर्की की तैयारी

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:55 PM (IST)

शिवा शर्मा हत्याकांड से जुड़े आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे के करीबी ऋषभ राय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पुलिस अब 25 हजार के इनामी ऋषभ की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में है।

शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे। फाइल फोटो

शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे। फाइल फोटो

HighLights

  1. शिवा शर्मा हत्याकांड में ऋषभ राय की मुश्किलें बढ़ीं।

  2. पुलिस 25 हजार के इनामी ऋषभ की संपत्ति कुर्क करेगी।

  3. ऋषभ राय श्रद्धा दुबे के करीबी, पहले भी विवादों में।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपित मॉडल श्रद्धा दुबे के करीबी रहे ऋषभ राय की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। कई मामलों में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी ऋषभ की गिरफ्तारी न होने पर अब पुलिस उसकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में है। अलीगंज पुलिस ने इसके लिए कोर्ट में रिपोर्ट भेज दी है। आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ऋषभ का नाम पहले भी कारोबारी शिवा शर्मा से विवाद को लेकर सामने आया था। आठ अगस्त 2026 को विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग में शिवा शर्मा और ऋषभ के बीच झगड़ा हुआ था। इस मामले में विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।

चर्चा में रही दोनों की नजदीकी

आरोप है कि ऋषभ ने फोन पर भी शिवा को धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की थी। ऋषभ और शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपित श्रद्धा दुबे की नजदीकी भी चर्चा में रही थी। दोनों की साथ में तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं।

ऋषभ की मदद से लोगों को धमकाने का आरोप

आरोप है कि श्रद्धा ऋषभ की मदद से लोगों को धमकाती थी। अब पुलिस की कार्रवाई से इस पूरे घटनाक्रम में ऋषभ की भूमिका फिर चर्चा में है। इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने बताया कि ऋषभ राय वर्ष 2026 में अलीगंज थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।

मूलरूप से गोरखपुर के बड़हलगंज का रहने वाला ऋषभ मड़ियांव के फैजुल्लागंज स्थित जुड़वा मंदिर के पास रहता है। लंबे समय से फरार होने के कारण उसकी संपत्ति कुर्क करने के लिए न्यायालय में रिपोर्ट भेजी गई है। कोर्ट के आदेश और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश में नशा सौदागरों ने बदला तरीका, गुलाब जल और धूपबत्ती कारखानों में चल रहीं लैब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।