शिवा शर्मा हत्याकांड: हत्यारोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य, श्रद्धा समेत तीन के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी
कैफे मालिक शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने श्रद्धा, रश्मि और तनवीर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं, पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा किया है।

HighLights
गैर-जमानती वारंट श्रद्धा, रश्मि और तनवीर के खिलाफ जारी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा किया।
नेपाल में गिरफ्तारी और संपत्ति कुर्की की तैयारी में पुलिस।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। कैफे ओनर शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने कहा है कि आरोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं। ऐसे में पुलिस ने श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और तनवीर के खिलाफ शुक्रवार को न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी कराया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें नेपाल प्रशासन के संपर्क में हैं। यही नहीं, श्रद्धा समेत अन्य आरोपितों की संपत्ति चिन्हित करने के बाद कुर्की की तैयारी है।
बालू अड्डे चौराहे के पास अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। उनकी मां ने लिवइन पार्टनर श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि दुबे, चालक तनवीर, आदिल और अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटनास्थल से फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने काल रिकार्ड की जांच में पाया कि श्रद्धा और शिवा जनवरी से एक-दूसरे को जानते थे।
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा, रश्मि और तनवीर के खिलाफ हत्या के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर बुधवार को तीनों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। चौथे आरोपित आदिल के खिलाफ आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है और पुलिस उससे जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। श्रद्धा की स्कार्पियो बहराइच के रूपईडीहा में एक पार्किंग में मिली।
बहराइच के रूपईडीहा में मिली स्कॉर्पियो
सीसीटीवी फुटेज में वह साथियों के साथ नेपाल जाती दिखी। बीते दो दिन में श्रद्धा ने इंटरनेट मीडिया पर तीन से चार वीडियो प्रसारित किए। पहले वीडियो में उसने किसी अधिकारी से संपर्क होने से इनकार किया, जबकि अन्य वीडियो में घटना को आत्महत्या बताया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा अपने दो दोस्तों की मदद से नेपाल पहुंची और उनकी बताई जगह पर रुकी। पुलिस ने उन दोस्तों का पता लगाया है और उनमें से एक से पूछताछ भी की है। मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम को इनपुट दिया गया है।
श्रद्धा ने वीडियो में घटना के बारे में अलग-अलग बातें कहीं। एक वीडियो में उसने कहा कि शिवा बाथरूम गए तो उसने देखा कि दरवाजा बंद था। दूसरे वीडियो में कहा कि उसकी बहन ने शिवा को बाथरूम जाते देखा था। वीडियो जारी होने के बाद शिवा की मां ने कहा कि उन्होंने पुलिस को सभी जरूरी साक्ष्य दे दिए हैं। आगे की कार्रवाई पुलिस करेगी।
यह भी पढ़ें- दीपालवी से पहले यूपी के यात्रियों को बड़ी राहत: दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, होंगे 20 कोच
हत्यारोपितों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं। पुलिस की टीम उसी दिशा में काम कर रही है। श्रद्धा के जारी वीडियो से पुलिस की कार्रवाई प्रभावित नहीं होगी। पुलिस के सामने दर्ज बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -तरुण गाबा, पुलिस आयुक्त, लखनऊ
